दिवाली की रात शहर में डकैतों का कहर बरपा। एक-एक कर पांच घरों को निशाना बनाते हुए डकैत लगभग 11 लाख की संपत्ति लूट ले गए। पकड़ने की कोशिश पर एक किसान को बदमाश ने गोली मार दी। उसके भाई को तमंचे की बट मारकर जख्मी कर दिया। गोली से घायल किसान मेरठ रेफर किया गया है। आईजी रमित शर्मा, एसपी डॉ. विपिन ताडा ने घटनास्थल का मुआयना कर पुलिस को जल्द खुलासे के निर्देश दिए हैं।
डकैतों द्वारा गोली चलाने की वारदात किसान रेवती सैनी के घर में हुई। सीढ़ी लगाकर घर में घुसे डकैतों ने हथियारों से धमकाकर रेवती के घर से करीब 21 हजार के नकदी, गहने लूट लिए। रेवती की पुत्र वधू ओमवती के कानों के कुंडल खींच लिए। ओमवती के पति पूरन ने विरोध किया तो तमंचे की बट सिर में मारकर उसे घायल कर दिया। इस बीच पूरन के भाई अरविंद ने एक बदमाश को पकड़ लिया तो दूसरे ने उसके सीने पर गोली चला दी। अरविंद को गंभीर हालत में मेरठ रेफर किया गया है। घर वालों ने बताया कि बदमाशों की संख्या पांच थी।
इससे पहले डकैतों ने लूटपाट का सिलसिला अली हसन के घर से शुरू किया। छत के रास्ते घर में दाखिल बदमाश करीब 22 हजार के जेवर, नकदी लूट ले गए। इसके बाद बुंदू के घर से 60 हजार कैश, जेवर, बुंदू के बेटे के कब्जे से 48 हजार की नकदी व आभूषण, रिहान के घर से 50 हजार कैश व जेवर, फिरोज के घर से 16 हजार कैश व जेवर लूट ले गए।