मुरादाबाद के मूंढापांडे थानाक्षेत्र में बाइक सवार दो दोस्तों को एक अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। इस हादसे में एक युवक की मौत हो गई। जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के समय दोनों युवक मुरादाबाद से दिवाली त्योहार के लिए पूजन का सामान लेकर अपने घर लौट रहे थे। पुलिस ने पोस्टमार्टम कराने के बाद शव परिजनों की सुपुर्दगी में दे दिया। इस हादसे से दिवाली के त्योहार की खुशियां मातम में बदल गई।
हादसे में जान गंवाने वाला युवक रामपाल उर्फ नीटू(25) रामपुर जनपद के टांडा थाना के होशपुर गांव निवासी था। चार भाइयों में सबसे छोटा भाई रामपाल दिल्ली में रहकर पीतल फर्म में नौकरी करता था। 4 दिन पहले ही दिवाली का त्योहार मनाने के लिए अपने घर लौटा था। रामपाल के परिजनों ने बताया कि शनिवार शाम वह गांव के ही संजय के साथ मुरादाबाद से खरीदारी करने आया था। शाम करीब 5:30 बजे रामपाल और संजय अपने मुरादाबाद से खरीदारी करने के बाद घर लौट रहे थे।
बताया जा रहा है कि इनकी बाइक मूंढापांडे थाना क्षेत्र के दलपतपुर अलीगंज मार्ग पर नगला चौकी के पास से गुजर रही थी। इसी दौरान किसी अज्ञात वाहन ने बाइक में टक्कर मार दी। रामपाल और साथी संजय गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों को जिला अस्पताल भिजवा दिया गया। जहां डॉक्टरों ने रामपाल को मृत घोषित कर उसके शव को मोर्चरी में रखवा दिया।
जबकि संजय को भर्ती कर उसका उपचार शुरू कर दिया गया है। दुर्घटना की जानकारी रामपाल के घर पहुंची कोहराम मच गया। कुछ ही देर में परिजन भी अस्पताल पहुंच गए। मूंढापांडे थाना प्रभारी नवाब सिंह ने बताया कि रामपाल के शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों की सुपुर्दगी में दे दिया गया है। अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है।