पुराने गाजियाबाद रेलवे स्टेशन के पास रविवार शाम को फाल्ट आने से ओएचई की पावर सप्लाई ठप हो गई। इससे ट्रेनों के पहिए जहां के तहां थम गए। करीब एक घटे बाद फाल्ट ठीक कर ट्रेनों का संचालन किया जा सका। फाल्ट से विभिन्न रूटों की दर्जनों ट्रेन लेट हो गईं। इससे यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
रविवार शाम करीब 4.30 बजे ओएचई लाइन में फाल्ट आया। इससे ओएचई की पावर सप्लाई बंद हो गई। सप्लाई बंद होने से ट्रेनें खड़ी हो गईं। ट्रेनों के बीच रास्ते में खड़े होने से यात्रियों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा। शाम 5.45 पर फाल्ट ठीक होने पर ट्रेनों का संचालन शुरू हो सका।
इससे दर्जनों ट्रेनें अपने निर्धारित समय से करीब एक से दो घंटे की देरी से गाजियाबाद रेलवे स्टेशन पहुंचीं। वहीं, हिंडन पुल के पास ईएमयू खड़ी होने से यात्री ट्रेन से उतर कर बस से दिल्ली को ओर गए। इसमें कई यात्रियों की ट्रेन भी छूट गई। स्थानीय अधिकारियों ने बताया कि करीब एक घंटे दस मिनट तक ट्रेेनों का संचालन ठप रहा था।