मुरादाबाद। शहर में अवैध निर्माण और अतिक्रमण के खिलाफ नगर निगम और जिला प्रशासन की संयुक्त रूप से अभियान चलाया। शुक्रवार को रामगंगा नदी के किनारे सरकारी भूमि पर किए गए कब्जों को ध्वस्त करने के लिए प्रशासन ने एसडीएम सदर डॉ. राम मोहन मीना के नेतृत्व में बड़ी कार्रवाई की। यह कार्रवाई गुलाबबाड़ी, जामा मस्जिद और आस-पास के क्षेत्रों में केंद्रित रही जहां लंबे समय से लोगों ने सरकारी भूमि पर अतिक्रमण कर दुकानों, छप्परों और पक्के निर्माणों के जरिए कॉमर्शियल गतिविधियां शुरू कर रखी थीं।
प्रशासन पहले भी इन सभी लोगों को नोटिस जारी कर चुका था लेकिन तय समय के भीतर कब्जा न हटाने पर शुक्रवार को प्रवर्तन दल ने बुलडोजर चलाकर अवैध निर्माण ध्वस्त कर दिए। एसडीएम डॉ. राम मोहन मीना ने बताया कि यह जमीन नगर निगम की है और उस पर अवैध निर्माण करना न सिर्फ गैरकानूनी था बल्कि नदी की प्राकृतिक धारा और बाढ़ नियंत्रण व्यवस्था के लिए भी खतरनाक साबित हो सकता था। प्रशासन ने भूमि को खाली कराने के बाद उस पर नगर निगम की संपत्ति का बोर्ड भी लगा दिया। कार्रवाई के दौरान मौके पर भारी पुलिस बल तैनात रहा। कई स्थानीय लोगों ने कार्रवाई का विरोध किया। कुछ महिलाओं ने अफसरों से तीखी नोकझोंक भी की लेकिन सख्त सुरक्षा के बीच पूरी कार्रवाई शांतिपूर्वक संपन्न हुई।
प्रवर्तन दल के प्रभारी अविनाश कुमार गौतम ने बताया कि रामगंगा के किनारे अवैध निर्माण को लेकर लंबे समय से शिकायतें मिल रही थीं। अब इस तरह के निर्माणों को पूरी तरह हटाया जाएगा और यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।
नगर आयुक्त ने कहा कि नगर निगम शहर को अतिक्रमण मुक्त बनाने की दिशा में कोई ढिलाई नहीं बरतेगा और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाते रहेंगे।