महिला पशु चिकित्सक के बाद अब सोशल मीडिया पर जिला महिला अस्पताल के वायरल एक वीडियो ने हड़कंप मचाया है। वीडियो 31 दिसंबर की रात अस्पताल के गंभीर नवजात शिशु उपचार इकाई (एसएनसीयू) के अंदर का है। वीडियो में स्टाफ कर्मी और नर्सें नए साल के जश्न में तेज संगीत में नाच रहीं हैं। वायरल वीडियो महिला अस्पताल से लेकर सीएमओ और अपर निदेशक स्वास्थ्य कार्यालय में कर्मियों के बीच चर्चाओं में है। सीएमएस डॉ. कल्पना सिंह ने मामले पर जांच बैठा दी है।
महिला अस्पताल में एसएनसीयू अति संवेदनशील वार्ड है। यहां डिलीवरी के बाद अति गंभीर नवजात शिशुओं को भर्ती किया जाता है। कृत्रिम आक्सीजन और मशीनों की मदद से बच्चों की जिंदगी बचाई जाती है। वार्ड में शोरगुल तो दूर जीवनरक्षक मशीनों में रखे गए नवजात बच्चों में इंफेक्शन होने की डर से एक साथ दो से अधिक लोगों को जाने की अनुमति नहीं दी जाती है।
भर्ती नवजात के माता एवं पिता को भी मास्क पहनाकर अंदर भेजा जाता है। 31 दिसंबर की रात जश्न के वीडियो ने अस्पताल प्रशासन की लापरवाही की पोल खोल दी है। 31 दिसंबर की रात वार्ड में पांच नवजात शिशु भर्ती थे। उस रात क्रिटिकल यूनिट में तैनात नर्सें और स्टाफ ‘ओ लड़की आंख मारे’ गीत पर झूम रही थी। साढ़े तीन मिनट का बना वीडियो गुरुवार को वायरल हुआ है। इससे अस्पताल प्रशासन में हड़कंप मचा है। सीएमएस डॉ. कल्पना सिंह के मुताबिक वायरल वीडियो में अस्पताल कर्मी तेज गाने पर नाच रहे हैं। वीडियो कहां और कब का है? कर्मियों से लिखित स्पष्टीकरण मांगा गया है। इसकी जांच शुरू करवा दी है। दोषियों के खिलाफ कार्यवाही की जाएगी।
एसएनसीयू में नए साल पर कोई जश्न पार्टी नहीं हुई। वायरल वीडियो कहां का है स्टाफ कर्मियों से लिखित स्पष्टीकरण तलब किया है। जांच रिपोर्ट में दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्यवाही की जाएगी।
- डॉ. कल्पना सिंह, सीएमएस