कांठ। नगर के वीर अब्दुल हमीद रोड पर अब चलना दुश्वार हो गया है। समय से पूर्व ही पूरी तरह से टूट और जर्जर हो चुके इस रोड पर दो पहिया वाहन चालक अब हादसे का शिकार हो रहे हैं। नगर के लोगों ने इस रोड को दोबारा से बनवाने की मांग की है।
कई वर्ष पहले नगर में मुरादाबाद-हरिद्वार रोड स्थित पिंडदान स्थल के पास से प्राथमिक विद्यालय माननगर तक वीर अब्दुल हमीद (मंडी समिति) रोड को नगर पंचायत कांठ की अध्यक्ष रहीं नसरीन बानो के कार्यकाल में बनवाया गया था। इस रोड को सुंदर और भव्य बनाने के लिए नगर पंचायत प्रशासन ने कई कार्य भी कराए थे। कांठ नगर का यह पहला एक रोड है, जिसके बीच में डिवाईडर है। लेकिन आज यह रोड पूरी तरह से जर्जर हो चुका है। इसी रोड से मिट्टी भरे डंपर और ट्रैक्टर-ट्रॉलियां भी निकलते हैं। इस रोड के जर्जर होने पर कई साल पहले इसे दोबारा से भी बनवाया गया था, लेकिन समय से पूर्व ही यह रोड अब फिर से पूरी तरह टूट चुका है। हालत है कि रोड का पत्थर और बजरी उखड़ने से दो पहिया वाहन चालक हादसे का शिकार हो रहे हैं। वहीं पैदल के राहगीर भी ठोंकर खाकर गिर रहे हैं। तहसील के पास मुरादाबाद-हरिद्वार मार्ग से शुरू हो रहा है यह रोड मंडी समिति, तहसील, प्राथमिक विद्यालय माननगर, फकीरगंज, संत रविदास धर्मशाला, रामलीला मैदान, प्राईमरी स्कूल महमूदपुरा से होते हुए कुमार पेट्रोल पंप तिराहा यानि मुरादाबाद-हरिद्वार रोड पर ही आकर निकलता है। इस रोड को नगर में मिनी बाईपास के रूप में भी इस्तेमाल किया जाता है। लेकिन आज यह अपनी दुर्दशा पर आंसू बहा रहा है।
जिस ठेकेदार ने नगर के वीर अब्दुल हमीद रोड को बनाया था, अभी यह रोड उसकी गारंटी में है। संबंधित ठेकेदार को दो बार नोटिस भी दिया जा चुका है। अबकी बार अंतिम नोटिस दिया जाएगा, यदि इसके बाद भी वह रोड को सही नहीं कराते हैं तो उन पर कार्रवाई की जाएगी। क्योंकि यह नगर का काफी चलने वाला रोड है। इसे बनवाने के लिए कार्य योजना में भी शामिल किया जाएगा।- रामेश्वर दयाल अधिशासी अधिकारी नगर पंचायत, कांठ