मंडी धनौरा। राशन विक्रेता अब कार्डधारकों को निर्धारित मात्रा से कम राशन नहीं दे पाएंगे। सरकार प्रत्येक राशन विक्रेता को इलेक्ट्रानिक कांटे उपलब्ध करा रही है। ये इलेक्ट्रानिक कांटे ई पॉश मशीन से कनेक्ट होंगे। निर्धारित मात्रा में राशन देने पर ही मशीन से रसीद मिलेगी। इलेक्ट्रानिक मशीन से किसी प्रकार की छेड़छाड़ संभव नहीं होगी।
अभी तक राशन विक्रेता अपने पास मौजूद कांटों से ही तौल कर राशन कार्डधारकों को देते आ रहे हैं। कार्डधारकों की आम शिकायत रहती है कि राशन विक्रेता ने उनको निर्धारित मात्रा में राशन नहीं दिया है। अब सरकार ने प्रदेश के सभी राशन विक्रेताओं को इलेक्ट्रानिक कांटे उपलब्ध कराने का फैसला लिया है। पूर्ति निरीक्षक प्रीति शर्मा ने बताया कि तहसील के सभी 204 राशन विक्रेताओं को उपलब्ध कराने के लिए इलेक्ट्रानिक कांटे मिल चुके हैं। विकास खंड धनौरा में 115, विकास खंड गजरौला में 66, नगर धनौरा में नौ, बछरायूं में छह व गजरौला नगर में आठ राशन विक्रेता हैं।
ब्लॉक के सभागार में इलेक्ट्रानिक कांटों की एक्युरेसी फिक्स की जा रही है। पूर्ति निरीक्षक ने बताया कि इलेक्ट्रानिक कांटों को ई पॉश मशीन से लिंक किया जाएगा। मशीन पर उपभोक्ता के अंगूठे का निशान लेने के बाद इलेक्ट्रानिक कांटा सक्रिय हो जाएगा। कांटे पर निर्धारित मात्रा में राशन तौलने के बाद ही मशीन से पर्ची निकलेगी। इलेक्ट्रानिक कांटे सप्लाई करने वाली कंपनी फोरेक्स के तकनीशियन अंकित शर्मा का दावा था कि इलेक्ट्रानिक कांटों में किसी प्रकार की छे़ड़छाड़ संभव नहीं है। यदि कोई भी राशन विक्रेता कांटे में छेड़छाड़ का प्रयास करता है तो कांटा काम करना बंद कर देगा। यदि किसी राशन विक्रेता का कांटा काम करना बंद करता है तो उसकी जानकारी विभागीय अधिकारियों को मिल जाएगी।