26 नगरीय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों समेत जिले के 50 से ज्यादा केंद्रों पर सीबीसी जांच की सुविधा शुरू हो गई है। स्वास्थ्य विभाग ने मशीनें लगा दी हैं और इनका परीक्षण भी सफलतापूर्वक कर लिया गया है। वायरल बुखार या अन्य संक्रमण की जांच के लिए अब लोगों को जिला अस्पताल की दौड़ नहीं लगानी पड़ेगी।
प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर मरीजों की सीबीसी (कंप्लीट ब्लड काउंट) जांच हो जाएगी। स्वास्थ्य विभाग की ओर से जिले के सभी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर पहली बार सीबीसी जांच मशीनें पहुंची हैं। सीबीसी मशीन से प्लेटलेट्स, एचबी, डब्ल्यूबीसी, आरबीसी आदि की जांच आसानी से हो पाएगी। स्वास्थ्य विभाग के जानकारों के मुताबिक मरीजों को सुविधा देने के लिए एक सीबीसी मशीन तीन लाख रुपये से खरीदी गई है। जिला अस्पताल व सीएचसी में यह सुविधा पहले से उपलब्ध है। वहीं निजी पैथोलॉजी लैब पर जांच के लिए मरीजों को 220 रुपये देने पड़ते हैं।
डॉक्टरों का कहना है कि मौसम में बदलाव के कारण वायरल बुखार के मरीजों की संख्या बढ़ रही है। स्थिति यह हैं कि जिला अस्पताल में रोजाना 150 से 200 मरीजों की सीबीसी जांच हो रही है। गांवों से लोग जांच के लिए यहां पहुंच रहे हैं।
पीएचसी स्तर पर सीबीसी जांच की सुविधा शुरू होने के बाद मरीजों को फायदा मिलेगा। यहां तक कि डेंगू के लक्षणों का भी पता चल सकेगा। प्लेटलेट्स की जांच भी पीएचसी पर हो जाएगी। अब तक पीएचसी पर सिर्फ ब्लड शुगर, हीमोग्लोबीन, एचआईवी, हेपेटाइटिस, मलेरिया आदि की जांच होती हैं।