बिलारी। तहसील बार एसोसिएशन की कार्यकारिणी के आगामी चुनाव में अब 30 प्रतिशत पद महिला अधिवक्ताओं को मिलेंगें। तहसील बार एसोसिएशन ने नए प्रस्ताव पर सहमति जताते हुए जनपद न्यायाधीश को पत्र भेज दिया है। अब बार एसोसिएशन ने महिला वकीलों को बार का सदस्य बनाने की प्रक्रिया तेज कर दी है।
मंगलवार दोपहर बाद तहसील बार एसोसिएशन की कार्यकारिणी की आपात बैठक बुलाई गई। इसमें तहसील बार एसोसिएशन के अध्यक्ष चौधरी विनय कुमार सिंह ने बताया कि सर्वोच्च न्यायालय और जनपद न्यायाधीश की ओर से बार एसोसिएशन को विशेष पत्र मिला है। पत्र में स्पष्ट किया कि अब बार कार्यकारिणी के आगामी चुनाव में 30 प्रतिशत पद पर महिला अधिवक्ताओं का प्रतिनिधित्व होगा। कोषाध्यक्ष पद पर महिला अधिवक्ता के रहने के अलावा सीनियर और जूनियर कार्यकारिणी में भी सदस्य के तौर पर महिला अधिवक्ताओं को प्रतिनिधित्व दिया जाएगा।
तहसील बार एसोसिएशन के सचिव सुनील कुमार ने बताया कि बार की बैठक में पारित प्रस्ताव जनपद न्यायाधीश मुरादाबाद को भेज दिया गया है। प्रस्ताव में स्पष्ट किया गया है कि बार की वर्तमान कार्यकारिणी में महिला पदाधिकारी नहीं है। बार के आगामी चुनाव के लिए महिला वकीलों को निर्धारित प्रतिनिधित्व देने के लिए नियमावली में आवश्यक संशोधन की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
प्रस्ताव में यह भी कहा गया है कि सर्वोच्च न्यायालय के निर्देशों का तहसील बार एसोसिएशन द्वारा पूरी तरह से पालन किया जाएगा। भविष्य में बार की गतिविधियों और निर्णय लेने वाली समितियों में महिला वकीलों को प्राथमिकता दी जाएगी। बैठक में बार कार्यकारिणी के प्रमुख पदाधिकारियों ने प्रतिभाग किया।