मुरादाबाद। त्योहारी सीजन में उत्पादों की गुणवत्ता में कमी जैसी शिकायतों को दूर करने के लिए संबंधित विभाग पूरी सतर्कता बरत रहे हैं। प्रचार- प्रसार में तमाम तरह के दावे करने वाली ऑनलाइन कंपनियों के दावों की सत्यता भी जांची जा रही है। दावों पर खरा नहीं उतरने वाली कंपनियों को बाट माप विभाग की ओर से चिह्नित कर उनके विरुद्घ कार्रवाई की तैयारी की गई है।
बाट-माप विभाग की ओर से करीब साठ शिकायतों के आधार पर ऑनलाइन कंपनियों को कारण बताओ नोटिस जारी करने की तैयारी पूरी कर ली गई है। विभाग के अधिकारियों ने जनता से अपील की है कि दावों के अनुरूप सामान नहीं मिलने पर कं पनी के खिलाफ शिकायत करें, ताकि उपभोक्ताओं के साथ पारदर्शिता नहीं बरतने पर उनके खिलाफ कार्रवाई की जा सके। इस समय त्योहारी सीजन चल रहा है। ऐसे में खरीदारी बढ़ गई है। न केवल बाजारों में भीड़ उमड़ रही है बल्कि बड़े पैमाने पर ऑनलाइन भी खरीदारी हो रही है। अलग-अलग कंपनियों की ओर से अपने बाजार को विस्तार देने के लिए कई तरह के ऑफर भी दिए जा रहे हैं। साथ ही तमाम तरह के दावे भी किए जा रहे हैं। हाल ही में बाट माप विभाग की ओर से की गई निगरानी में आया कि कुछ कंपनियों के सामान में सामान दावों और गुणवत्ता के अनुरूप नहीं था। एक महिला ने बेडशीट मंगाई तो वह किए गए दावे से साइज में करीब एक फीट कम थी। जबकि एक व्यक्ति द्वारा मंगाए गए टीशर्ट के सैट में तीन पीस कम थे। क ई लोगों ने कम वजन का सामान का भेजने की भी शिकायत की है। विभागीय अधिकारी न केवल लोगों द्वारा की गई शिकायतों पर कार्रवाई कर रहे हैं, बल्कि ऑनलाइन कंपनियों की साइटों की भी खुद निगरानी कर रहे हैं। विभागीय अधिकारियों का दावा है कि अभी तक सामने आईं शिकायतों के आधार पर अलग-अलग कंपनियों को करीब साठ नोटिस भेजने की तैयारी कर ली गई है। एक-दो दिन में नोटिस जारी कर उनसे जवाब तलब किया जाएगा। संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर उनके विरुद्घ विधिक माप विज्ञान अधिनियम 2011 के तहत कार्रवाई की जाएगी।
यह बोले अधिकारी
त्योहारी सीजन में ऑनलाइन कंपनियों की ओर से उपलब्ध कराए जाने वाले सामान दावे के अनुरूप नहीं होते। कई बार कंपनियों की ओर से वजन, दाम और उत्पादों की तारीख, आपूर्ति करने वाली कंपनी का नाम आदि भी पूरी तरह प्रदर्शित नहीं किया जाता। यह सब कानूनी रूप से अपराध हैं। उन्होंने कहा कि अधिकारी अपनी ओर से तो कार्रवाई कर ही रहे हैं। अगर किसी ग्राहक को कोई समस्या हो तो वह भी अधिकारियों को शिकायत कर सकते हैं। तत्काल कार्रवाई की जाएगी।
हिमाद्री सिंह, वरिष्ठ निरीक्षक विधिक माप विज्ञान मुुुरादाबाद