बिलारी। पंचायत सचिवालय का नियमित संचालन न होने पर एडीओ ने एक पंचायत सचिव को नोटिस जारी किया है। उधर स्वच्छ भारत मिशन की धनराशि का उपयोगिता प्रमाण पत्र न देने पर कई पंचायत सचिवों को चेतावनी पत्र जारी किया गया है।
बिलारी ब्लॉक कार्यालय से मिली जानकारी के अनुसार एडीओ पंचायत द्विजेंद्र सिंह ने ग्राम पंचायत स्योंडारा और ग्राम पंचायत बिचौला ढूकी के पंचायत सचिव को नोटिस जारी कर कहा है कि आपके हल्के में आने वाले दोनों ग्राम पंचायतों के पंचायत सचिवालयों का नियमित संचालन नहीं हो रहा है। कई बार सचिवालयों का निरीक्षण करने के दौरान सचिवालय बंद मिले और पंचायत सहायक भी गैर हाजिर मिले। दोनों ग्राम पंचायतों में ओडीएफ प्लस योजना के तहत कराए गए कार्य संतोषजनक नहीं मिले और सामुदायिक शौचालयों का रख रखाव भी ठीक नहीं मिला। एडीओ ने तीन दिन के भीतर नोटिस का जवाब देने को कहा है।
उधर ब्लॉक बिलारी की अधिकतर ग्राम पंचायतों में वित्तीय वर्ष 2023-24 में स्वच्छ भारत मिशन योजना के तहत कराए गए कार्यों की धनराशि की उपयोगिता का प्रमाण पत्र संबंधित पंचायत सचिवों द्वारा निर्धारित प्रारूप पर अभी तक उपलब्ध नहीं कराया गया। जिला पंचायतराज अधिकारी ने इस संबंध में एडीओ पंचायत बिलारी को पत्र भेजकर जवाब मांगा। एडीओ पंचायत ने बताया कि खर्च हुई धनराशि का उपयोगिता प्रमाण पत्र न देने पर लगभग 40 ग्राम पंचायतों के सचिवों को चेतावनी पत्र जारी करते हुए शीघ्र प्रमाण पत्र जमा करने को कहा गया है।