मुरादाबाद। बेसिक शिक्षा विभाग में क्लर्क की मौत में प्रताड़ना के आरोप के मामले में खंड शिक्षा अधिकारी (बीईओ) को एडी बेसिक ने नोटिस जारी किया है। एडी बेसिक के अनुसार बीईओ ने जांच में सहयोग नहीं किया है। स्पष्टीकरण देने के लिए तीन दिन का समय दिया गया है।
विज्ञापन
बेसिक शिक्षा विभाग के कर्मचारियों ने आरोप लगाया था कि खंड शिक्षा अधिकारी नगर क्षेत्र के उत्पीड़न, शोषण की वजह से वरिष्ठ लिपिक की मौत हुई थी। कर्मचारियों का कहना है कि बीईओ ने वरिष्ठ लिपिक पर अनैतिक और नियम विरुद्ध कार्य करने का दबाव बनाया था। इन्कार करने पर उनको प्रताड़ित किया गया। प्रताड़ना की वजह से क्लर्क मानसिक अवसाद का शिकार हुआ और मेडिकल आवेदन भी बीईओ ने रिस्त कर दिया।
लगातार उत्पीड़न की वजह से क्लर्क की मौत हो गई थी। इस मामले में अपर राज्य परियोजना निदेशक समग्र शिक्षा उप्र से भी शिकायत की थी। मंडलीय सहायक शिक्षा निदेशक बेसिक बुद्धप्रिय सिंह के अनुसार अपर राज्य परियोजना निदेशक के निर्देश मिलने के बाद जब खंड शिक्षा अधिकारी से स्पष्टीकरण मांगा था तो 18 मार्च को उन्होंने अपना पक्ष रखने के लिए दस दिन का अतिरिक्त समय मांगा था, लेकिन अभी तक स्पष्टीकरण नहीं दिया है। इसकी वजह से जांच कार्यवाही बाधित है। उन्होंने स्पष्टीकरण तीन दिन में देने के निर्देश दिए हैं।