मुरादाबाद। अनलॉक 1.0 के बाद रोडवेज की साधारण बसों में यात्रियों की संख्या धीरे धीरे बढ़ रही है। जबकि जनरथ (एसी डीलक्स) बसों को अभी यात्रियों का इंतजार हैं। बता दें कि मुरादाबाद में कुल 10 एसी बसें हैं। जिनमें फिलहाल 35 प्रतिशत यात्री ही सफर कर रहे हैं।
सामान्य दिनों में एसी बसों में लगभग दो हजार यात्री प्रतिदिन सफर करते हैं। जबकि इन दिनों यह आंकड़ा केवल छह सौ से आठ सौ यात्रियों तक ही पहुंच रहा है। हालांकि जून माह के अंत तक रोडवेज में कुल यात्रियों की संख्या सामान्य दिनों का पचास प्रतिशत रही। सामान्य दिनों में जनरथ से प्रतिदिन दो लाख रुपये की आय रोडवेज को होती है। इस प्रकार जनरथ से अर्जित मासिक आय जो कि साठ लाख रुपये रहती थी। वह फिलहाल 35 प्रतिशत यानि 21 लाख रुपये प्रति माह प्राप्त हो रही है। गौरतलब है कि कोरोना संक्रमण को ध्यान में रखते हुए पिछले दिनों परिवहन निगम ने एसी बसों के पर्दे हटाने के निर्देश जारी किए थे। जिसके बाद क्षेत्र की बसों से पर्दे हटाए गए। इसके बाद भी यात्रियों की संख्या में इजाफा नहीं हुआ है।
जनरथ में फिलहाल यात्रियों की संख्या कम है। सामान्य दिनों की अपेक्षा फिलहाल 35 से 40 प्रतिशत यात्री ही सफर कर रहे हैं। बसों में सैनिटाइजेशन आदि का ख्याल रखा जा रहा है। उम्मीद है आने वाले दिनों में यात्रियों की संख्या में वृद्धि होगी।
- अतुल जैन, क्षेत्रीय प्रबंधक मुरादाबाद।