अखिलेश के रामपुर दौरे को लेकर पुलिस लाइन में ब्रीफिंग
- फोटो : अमर उजाला
सपा सांसद आजम खां के पक्ष में आंदोलन करने और समर्थन देने लखनऊ से रवाना हुए समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव के कार्यकर्ता सम्मेलन पर संकट मंडरा रहा है। तय कार्यक्रम के अनुसार अखिलेश यादव को रामपुर के रंगोली मंडप में शाम पांच बजे पार्टी के कार्यकर्ताओं को संबोधित करना था लेकिन प्रशासन ने इसकी अनुमति नहीं दी है।
वहीं रामपुर जाने के दौरान अखिलेश फरीदपुर में स्व. विधायक सियाराम सागर को श्रद्धाजंलि देने पहुंचे। इस दौरान पार्टी कार्यकर्ताओं ने उनका भव्य स्वागत किया। उन्हें संबोधित करते हुए अखिलेश ने सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि सरकार बदले की भावना से काम रह रही है। उन्होंने कहा कि आजम खां पर 80 मुकदमे लिखा दिए हैं, आज तो बकरी चोरी का केस भी दर्ज किया गया है।
दूसरी ओर आजम खान के हमसफर रिसॉर्ट में जोर-शोर से कार्यक्रम की तैयारी अभी भी जारी है। ऐसे में यह तय नहीं हो पा रहा है कि कार्यकर्ता सम्मेलन होगा या नहीं। कार्यकर्ताओं में भी इसको लेकर असमंजस है।
इधर अखिलेश के रामपुर दौरे को लेकर पुलिस लाइन में डीएम और एसपी के साथ ब्रीफिंग की गई। समाजवादी पार्टी के नेता प्रशासन के सपंर्क में है और चाहते हैं कि कार्यक्रम की अनुमति मिल जाए। वहीं प्रशासन ने भी बिना अनुमति के कार्यक्रम करने की स्थिति में मुकदमा दर्ज करने की तैयारी कर ली है। माना जा रहा है कि ऐसे में अखिलेश यादव के रामपुर दौरे पर खतरा मंडरा रहा है। वहीं कार्यक्रम को लेकर अखिलेश यादव का रवैया सख्त है और वह इस कार्यक्रम को सफल बनाने का पूरा प्रयास कर रहे हैं।