अमर उजाला ब्यूरो
मुरादाबाद। जिले में नो मैपिंग की श्रेणी में आए 65 हजार वोटरों को चुनाव अधिकारियों ने नोटिस जारी किया है। नोटिसों का जवाब एक सप्ताह के अंदर बीएलओ या अन्य नामित अधिकारियों के समक्ष देना होगा। अभी नोटिस देने का क्रम जारी है। एसआईआर अभियान के दौरान 2003 की मतदाता सूची से 1.96 लाख मतदाताओं के पिता या दादा के नाम से मिलान नहीं हो सका। इसी वजह से बीएलओ ने ऐसे लोगों के नाम नो मैपिंग श्रेणी में डाल दिए। इस सूची का निराकरण करने के लिए जिला निर्वाचन अधिकारी ने प्रत्येक तहसील और ब्लॉकों के अंतर्गत 67 अधिकारियों की तैनाती की। इन अधिकारियों ने अपने अपने क्षेत्र के नो मैपिंग के मतदाताओं को नोटिस जारी किया है।
एक सप्ताह के अंदर मतदाता जन्मतिथि के साथ अन्य प्रमाण पत्र संबंधित अधिकारी के समक्ष प्रस्तुत करेंगे। इसी आधार पर मतदाता सूची में नाम डाले जाएंगे। 21 जनवरी के बाद निस्तारण की कार्रवाई भी अधिकारी शुरू करेंगे। उप जिला निर्वाचन अधिकारी संगीता गौतम ने बताया कि नोटिस जारी करने और मामलों का निस्तारण करने के बारे में जिला निर्वाचन अधिकारी ने बैठक कर पूरी जानकारी दी है।