ठाकुरद्वारा। नगर में तिकोनिया बस स्टैंड पर यात्री सुविधाओं का अभाव है। यहां से रोजाना सैकड़ों यात्री यात्रा करते है। क्षेत्र के अलावा भी काफी संख्या में लोग अन्य स्थानों से भी यहां आते हैं लेकिन बस स्टैंड पर न तो पीने के शुद्ध पानी की व्यवस्था है और न ही शौचालय की सुविधा है। तिकोनिया पर आठ साल पहले डूडा द्वारा बनाया गया सार्वजनिक शौचालय चलता था। जो अब खंडहर में तब्दील हो गया है इसलिए वह बंद कर दिया गया है। बस स्टैंड पर एक इंडिया मार्का टू हैंड पंप लगा हुआ है जिससे गंदा पानी आता है जो पीने योग्य नहीं है।
-
बस स्टैंड पर दुकान करने वाले वार्ड 16 के सभासद मोहम्मद हनीफ का कहना है कि सबसे बड़ी समस्या यहां पर शौचालय की है। महिला यात्रियों को शौचालय न होने से भारी परेशानी हो रही है। वहीं बस स्टैंड पर लगे एकमात्र हैंडपंप से गंदा पानी आता है। शौचालय की शिकायत करने पर नगर पालिका ने एक वर्ष पहले यहां पर मोबाइल टॉयलेट की व्यवस्था की थी। जिसे 10 दिन बाद बंद कर दिया गया।
प्राइवेट बस यूनियन के मुंशी इकराम कुरैशी का कहना है कि बस स्टैंड पर लगे हैंडपंप से मिट्टी और बदबूदार पानी आता है। यात्रियों को पीने के पानी की जरूरत होने पर दुकानों से बोतल खरीदनी पड़ती हैं। शौचालय का न होना भी यहां की मुख्य समस्या है। बस स्टैंड पर मोबाइल की दुकान करने वाले वसीम अहमद का कहना है कि शौचालय न होने पर उसकी जरूरत होने पर घर जाना पड़ता है। ।
-
बस स्टैंड पर मिठाई की दुकान करने वाले अनिल अग्रवाल का कहना है कि उनकी दुकान के सामने लगे हैंड पंप का पानी पीने योग्य नहीं है। डिब्बा बंद पानी मंगवा कर अपने ग्राहकों को उपलब्ध करा रहे हैं। शौचालय भी यहां पर यात्रियों के लिए उपलब्ध नहीं है।
-
नगर पालिका के अध्यक्ष मोहम्मद इरफान सैफी का कहना है कि तिकोनिया बस स्टैंड पर सार्वजनिक शौचालय निर्माण का प्रस्ताव बोर्ड की बैठक में पारित हो चुका है शीघ्र वहां पर शौचालय का निर्माण कराया जाएगा। वहीं उनका कहना है कि बस स्टैंड से कुछ दूर बिजली घर जाने वाले रास्ते पर उन्होंने वाटर कूलर लगवा दिया है।
फोटो 6 से 11 तक विवरण फोटो के साथ
संवाद