मुरादाबाद। ठेकेदार और उसके लड़कों पर अवैध वसूली और उत्पीड़न का आरोप लगाते हुए चटोरी गली के व्यापारी बुधवार को नगर निगम के कार्यालय पहुंचे। उन्होंने अपर नगर आयुक्त अजीत कुमार सिंह के सामने अपनी बात रखी। अधिकारी ने कहा कि इस तरह दुकानों पर फर्जी सील लगाना गलत है। आश्वासन दिया कि उनकी दुकानों पर कोई ठेकेदार या निजी व्यक्ति वसूली करने नहीं जाएगा।
वसूली के कार्य के लिए नगर निगम के इंस्पेक्टर प्रतीक को जिम्मेदारी सौंपी गई। साथ ही ठेकेदार के लड़कों द्वारा व्यापारियों की दुकानों में लगाए गए ताले फौरन खुलवाने के लिए कहा। साथ ही आदेश दिया कि सभी बकायेदार दुकानदारों को जल्द भुगतान के लिए नोटिस जारी किया जाए। 15 दिन के भीतर भुगतान न मिले तो दुकानों का आवंटन निरस्त करने की प्रकिया शुरु होगी। इस पर व्यापारी दुकानें खोलने के लिए सहमत हो गए लेकिन ठेकेदार के लड़कों की गिरफ्तारी की मांग बरकरार रखी। इसके लिए वह सीओ सिविल लाइंस अभिनव द्विवेदी से बात करने के बाद सिविल लाइंस थाने पहुंचे। दुकानदारों का आरोप है कि पुलिस ने उनकी रिपोर्ट दर्ज नहीं की। बृहस्पतिवार को फिर वह सीओ से मिलेंगे। यदि रिपोर्ट दर्ज नहीं होती है तो कोर्ट की शरण लेंगे।
व्यापारी एकता संघर्ष समिति के संरक्षक मदनलाल पुजारा ले कहा कि व्यापारी अपनी बात पर कायम हैं। नगर निगम के अलावा किसी निजी व्यक्ति के खातों में रुपये नहीं डालेंगे। उन्होंने सभी व्यापारियों से आग्रह किया कि तय समय में बकाया राशि नगर निगम के खाते में जमा करा दें। इस मौके पर सोनू गुप्ता, जय प्रकाश, मुकेश कुमार, बंटी प्रजापति आदि व्यापारी मौजूद रहे।
व्यापारियों को आवंटन के बाद एक माह का समय दिया गया था लेकिन 14 माह बाद भी उन्होंने बकाया जमा नहीं किया गया। 15 दिन का समय और दिया गया है। इसके बाद आवंटन निरस्त किए जाएंगे। साथ ही अब से कोई ठेकेदार किसी भी बाजार में जाकर दुकानदारों से वसूली नहीं करेगा।
- अजीत कुमार सिंह, अपर नगर आयुक्त