ओवरलोडिंग पर अधिकारी चेकिंग कर लगाएं लगाम
अमर उजाला ब्यूरो
मुरादाबाद। सड़क हादसों को रोकने के लिए नेशनल हाईवे के 38 चिन्हित अवैध कटों को एनएचएआई बंद करने की कार्रवाई तेज करे। यदि अवैध कट कोई व्यक्ति दोबारा खोलता है, तो उसके विरुद्ध नियमानुसार प्राथमिकी दर्ज कराते हुए प्रभावी कार्रवाई की जाएगी।
डीएम अनुनय झा ने कलक्ट्रेट सभागार में जिला स्तरीय सड़क सुरक्षा समिति की समीक्षा बैठक की। डीएम ने कहा कि बार-बार यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी। परिवहन विभाग पांच बार से अधिक यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस निलंबित और निरस्त करने की प्रक्रिया में तेजी लाए। वहीं आरएम रोडवेज को बस चालकों द्वारा यातायात नियमों का कड़ाई से पालन करने और बसों के अवैध संचालन पर प्रभावी रोक लगाने के निर्देश दिए।
निजी बसों के व्यवस्थित संचालन के लिए शहर के बाहरी क्षेत्रों में उपयुक्त स्थान चिह्नित किए जाएंगे।
ओवरलोडिंग रोकने के लिए चेकिंग करें
डीएम ने कहा कि खनन वाहनों को नियमानुसार जारी रवन्ने में निर्धारित मार्गों का पालन करना आवश्यक है। अन्य मार्गों पर अवैध परिवहन एवं ओवरलोडिंग की आशंका को देखते हुए प्रभावी चेकिंग अभियान चलाना होगा। रात 10 बजे से सुबह 6 बजे तक चेकिंग अभियान को प्रभावी बनाने पर जोर दिया, ताकि नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों के विरुद्ध समय से कार्रवाई की जा सके।
विद्यालयों, होटलों, मैरिज हॉल एवं अस्पतालों में पार्किंग व्यवस्था अनिवार्य
डीएम ने कहा कि मुख्य मार्गों पर स्थित विद्यालयों के पास यदि पार्किंग व्यवस्था नहीं है तो सड़क सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए समुचित पार्किंग विकसित कराना होगा। होटल, मैरिज हॉल एवं अस्पताल भी अपने परिसर में आवश्यकता के अनुसार पार्किंग की व्यवस्था करें। बैठक में उप मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. प्रवीण कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि जनसंख्या के अनुपात में जिले में एम्बुलेंस की संख्या बढ़ाए जाने की आवश्यकता है। इस मामले में डीएम ने शासन को एम्बुलेंस की संख्या में वृद्धि के लिए पत्र भेजने के निर्देश दिए। अपर नगर आयुक्त अतुल कुमार ने बताया कि शहर के प्रमुख मार्गों के किनारे ठेला लगाकर व्यवसाय करने वाले स्ट्रीट वेंडरों को नगर निगम द्वारा विकसित वेंडिंग जोन में स्थानांतरित कराया जाएगा। डीएम ने सड़क दुर्घटनाओं में मृत व्यक्तियों के आश्रितों के प्रति संवेदनशीलता बरतने और विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से लाभान्वित कराने के निर्देश दिए। बैठक में एडीएम सिटी अंकुर श्रीवास्तव, यातायात पुलिस, परिवहन, स्वास्थ्य, नगर निगम और एनएचएआई के अधिकारी मौजूद थे।