मुरादाबाद। जिले के अधिकारी निर्धारित मानकों के अनुसार राशन कार्डों की नई यूनिट बढ़ाएंगे। राशन वितरण व्यवस्था में किसी प्रकार की अनियमितता बरतने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
डीएम अनुज सिंह ने कलक्ट्रेट में सोमवार को जिला स्तरीय सतर्कता समिति के सदस्यों के साथ बैठक की। इस दौरान पारदर्शी राशन वितरण प्रक्रिया, मॉडल शॉप निर्माण , ई-केवाईसी एवं राशन कार्डों के सत्यापन कार्य की प्रगति सहित अन्य बिंदुओं की समीक्षा की गई।
इस दौरान डीएसओ अजय प्रताप सिंह ने बताया कि जिले में अंत्योदय योजना के अंतर्गत 30090 और पात्र गृहस्थी के तहत 520646 कार्ड धारक हैं। इस प्रकार अंत्योदय और पात्र गृहस्थी के अंतर्गत कुल 550736 राशन कार्डों के अंतर्गत 2248723 यूनिट शामिल हैं। जिले में 1225 उचित दर की दुकानें हैं।
इनमें नगरीय क्षेत्र की 265 और ग्रामीण क्षेत्र में 960 उचित दर की दुकानें संचालित हैं। सभी दुकानों पर ई-पॉस के माध्यम से कार्ड के अनुरूप राशन वितरण कराया जा रहा है। डीएम ने डीएसओ से कहा कि प्रत्येक उचित दर के दुकानदारों की जिम्मेदारी है कि वह निश्चित मात्रा में प्रत्येक कार्ड धारक को खाद्यान्न उपलब्ध कराएं। खाद्यान्न वितरण में किसी भी प्रकार की अनियमितता और लापरवाही की दशा में कठोर कार्रवाई होगी। उन्होंने आंगनबाड़ी केंद्रों और परिषदीय विद्यालयों में उपलब्ध कराए जा रहे खाद्यान्न की स्थिति के बारे में जानकारी ली।
बताया कि खाद्यान्न आपूर्ति में किसी भी प्रकार का अवरोध नहीं होना चाहिए। आंगनबाड़ी केंद्रों एवं परिषदीय विद्यालयों में निर्धारित मानकों के अनुरूप बच्चों को भोजन की उपलब्ध कराना होगा।
डीएसओ के अनुसार 2025-26 में 150 मॉडल उचित दर दुकानों की तुलना में 95 उचित दर दुकानों के लिए भूमि चिह्नांकन का कार्य पूर्ण कर लिया गया है। इसमें 81 उचित दर दुकानों के संबंध में कार्य योजना शासन को भेजी गई है। वर्तमान में ई-केवाईसी का 91.22 प्रतिशत कार्य पूर्ण कर लिया गया है।
डीएम ने कहा कि शत प्रतिशत ई-केवाईसी कार्य पूरा होना चाहिए। इस दौरान सिंगल स्टेज डोर स्टेप डिलीवरी व्यवस्था, जीरो पॉवर्टी एवं प्रवर्तन कार्य सहित अन्य विभागीय कार्यों के बारे में विस्तार पूर्वक समीक्षा की गई।