ये मामला डिडौली कोतवाली से जुड़ा है। यहां पर किसान का परिवार रहता है। किसान के परिवार में दो बेटियां हैं। पत्नी की मौत के बाद किसान ने दूसरी शादी कर ली थी। शादी के बाद किसान की भी मौत हो गई। दोनों बेटियां का सौतेली मां पालन-पोषण करती है। रविवार को डिडौली कोतवाली पहुंची किसान की छोटी बेटी ने तहरीर देकर आरोप लगाया कि 14 अप्रैल को गांव की महिला उसकी 16 वर्षीय बड़ी बहन को बहला फुसला कर नोएडा ले गई और वहां एक युवक को बेच दिया।
बाद में उसकी युवक के साथ शादी भी करा दी। मामले में आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की गई। साथ ही उसने अपनी बहन को वापस लाने की गुहार लगाई थी। जिसके बाद पुलिस प्रकरण की जांच में जुट गई। पुलिस के बुलाने पर सोमवार को युवती नोएडा के कुछ लोगों को साथ लेकर डिडौली कोतवाली पहुंची और बेचे जाने के आरोप इनकार कर दिया।
उसने स्पष्ट कहा कि मैं बालिग हूं, मैंने शादी अपनी मर्जी से की है। इस मामले में वह किसी तरह की कोई कानूनी कार्रवाई नहीं चाहती। अब नोएडा में पति के साथ ही रहेगी। अगर किसी ने भी मेरे पति को फंसाने की कोशिश की तो मैं फंदे पर लटक कर जान दे दूंगी। सीओ सिटी अरुण कुमार ने बताया कि जिस किशोरी के बेचने की बात सामने आई थी, वह बालिग है। युवती ने कोतवाली पहुंचकर अपने बयान दर्ज कराए हैं। उसने बयान में अपने पति के साथ रहने की इच्छा जताई है।