मुरादाबाद। उत्तर प्रदेश इंटरनेशनल ट्रेड शो (यूपीआईटीएस-2026) में पहली बार भाग लेने वाले निर्यातकों को नौ वर्ग मीटर का स्टॉल 17 हजार रुपये में दिया जाएगा। वहीं नियमित श्रेणी के निर्यातकों को 12 वर्ग मीटर का स्टॉल के लिए करीब 1.50 लाख रुपये खर्च करने पड़ेंगे। जिले से अब तक छह नए और आठ नियमित श्रेणी के निर्यातकों ने स्टॉल बुकिंग के लिए पंजीकरण कराया है।
ग्रेटर नोएडा के इंडिया एक्सपो सेंटर एंड मार्ट में 25 से 29 सितंबर तक उत्तर प्रदेश इंटरनेशनल ट्रेड शो-2026 का आयोजन किया जा रहा है। जिला उद्योग केंद्र के अधिकारियों के अनुसार, इस बार नए निर्यातकों को प्रोत्साहित करने के लिए नौ वर्गमीटर का पूर्ण निर्मित स्टॉल मात्र 17 हजार में उपलब्ध कराया जा रहा है। इस ट्रेड शो में एमएसएमई, स्टार्टअप, ओडीओपी और नए निर्यातकों को अपने उत्पाद देश-विदेश के खरीदारों के सामने प्रदर्शित करने का अवसर मिलेगा। ट्रेड शो में सुबह 11 से दोपहर तीन बजे तक बैठकें होंगी, जबकि दोपहर तीन से रात आठ बजे तक प्रदर्शनी आम लोगों के लिए खुली रहेगी। इस दौरान रिटेल बिक्री की भी अनुमति रहेगी। उपायुक्त उद्योग दीपेंद्र कुमार ने बताया कि ट्रेड शो के माध्यम से नए निर्यातकों को विदेशी खरीदारों से सीधे संपर्क, नए बाजारों तक पहुंच, ब्रांड पहचान और कारोबार बढ़ाने का अवसर मिलेगा। यंग एंटरप्रेन्योर्स सोसायटी(यस) के चेयरमैन जेपी सिंह ने कहा कि प्रदेश सरकार की रियायती स्टॉल योजना नए निर्यातकों के लिए काफी फायदेमंद है। इससे उन्हें कम लागत में अंतरराष्ट्रीय प्रदर्शनी में भाग लेने, भारतीय और विदेशी खरीदारों से सीधे जुड़ने तथा अपने उत्पादों की बाजार प्रतिक्रिया जानने का मौका मिलेगा। इस वर्ष खुदरा बिक्री की अनुमति मिलने से नए उद्यमी स्टॉल का खर्च भी काफी हद तक निकाल सकेंगे।
00
मुरादाबाद को मिला 80 स्टॉल का लक्ष्य
-उपायुक्त उद्योग दीपेंद्र कुमार ने बताया कि इस बार जिले को 80 स्टॉल बुकिंग का लक्ष्य मिला है। इसमें 50 नए निर्यातकों और 30 नियमित निर्यातकों के आवेदन शामिल हैं। अब तक कुल 14 आवेदन प्राप्त हुए हैं। उन्होंने कहा कि ट्रेड शो में अभी डेढ़ महीने से अधिक समय है। निर्धारित लक्ष्य समय पर पूरा कर लिया जाएगा।