मुरादाबाद। लखनऊ-चंडीगढ़ एक्सप्रेस में सफर कर रहे नेपाली नागरिकों के पासपोर्ट चोरी हो गए। वारदात उस वक्त हुई, जब यात्री गहरी नींद में थे। शिकायतकर्ता टीकाराम ने रेलवे पुलिस को दी तहरीर में बताया कि वह अपने परिवार के साथ कोच ए-2 में यात्रा कर रहे थे।
उनके साथ बेटी, दामाद और पोता भी था, जो सभी नेपाल के नागरिक हैं। मुरादाबाद के पास रात में किसी अज्ञात व्यक्ति ने उनका बैग चोरी कर लिया। चोरी हुए बैग में उनकी बेटी पूजा़ पौडेल, दामाद दीपक शर्मा पौडेल और पोते आद्विक पौडेल के पासपोर्ट रखे थे। इसके अलावा बैग में एक आईफोन और अन्य जरूरी दस्तावेज भी थे। सुबह नींद खुली तो बैग गायब था। काफी तलाश के बाद भी कोई सुराग नहीं मिला। टीकाराम ने चंडीगढ़ में यात्रा पूरी होने के बाद एफआईआर दर्ज कराई। उन्होंने वर्तमान पता हरियाणा के यमुना नगर में लोक निर्माण विभाग का परिसर बताया है। घटना मुरादाबाद के पास की होने के कारण इस एफआईआर को मुरादाबाद जीआरपी थाने में ट्रांसफर किया गया है। थाना प्रभारी रविंद्र कुमार वशिष्ठ का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है।