कांठ। आगामी त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव को लेकर प्रशासन ने तैयारियों को शुरू कर दिया है। निर्वाचन आयोग के निर्देश पर ब्लॉक स्तरीय मतदाता सूची का 19 अगस्त से पुनरीक्षण अभियान चलाया जाएगा। जिसके लिए बूथ लेवल अधिकारियों को सामग्री का वितरण किया गया है।
बुधवार को तहसील सभागार में हुई बैठक में एसडीएम संत दास पंवार ने विकास खंड छजलैट की 82 ग्राम पंचायतों में मतदाता सूची के पुनरीक्षण कार्य के लिए लगाए गए 124 बूथ लेवल अधिकारियों को प्रशिक्षण देते हुए किस प्रकार कार्य करना है, इसकी जानकारी दी। मतदाता सूची से ऐसे मतदाताओं के नाम काटने के लिए कहा गया, जिनकी या तो मृत्यु हो चुकी है या फिर वह कहीं दूसरे स्थानों पर चले गए हैं। वहीं सूची का अच्छी तरह से अवलोकन करने के बाद फर्जी वोटों को भी काटने के लिए कहा गया। बताया गया कि इस कार्य के लिए 124 बूथ लेवल अधिकारियों औ नौ सुपरवाइजरों को लगाया गया है। साफ तौर पर निर्देश दिए गए कि इस कार्य में कोई भी लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। बुधवार को बैठक के बाद सभी बीएलओ को पुनरीक्षण कार्य के लिए सामग्री का वितरण किया गया। इस अवसर पर तहसीलदार राजकुमार सिंह, खंड शिक्षाधिकारी विकास कुमार, वीआरसी निर्वाचन युसूफ चौधरी आदि भी रहे।