कांठ। किसानों की समस्याओं और मांगों को लेकर भारतीय किसान यूनियन टिकैत ने बुधवार को नारेबाजी करते हुए स्थानीय अधिकारियों के माध्यम से राष्ट्रपति को दस सूत्री ज्ञापन भेजा है। जिसमें उन्होंने अमेरिका द्वारा बढ़ाए जा रहे टैरिफ का विरोध भी किया है।
भाकियू के कांठ तहसील अध्यक्ष चौधरी दर्शन सिंह के नेतृत्व में पदाधिकारी, कार्यकर्ता व किसान एकत्र होकर तहसील पहुंचे। यहां उन्होंने नारेबाजी करते हुए अमेरिका द्वारा थोपे जा रहे 25 प्रतिशत टैरिफ का विरोध किया। इसी के साथ टैरिफ को नामंजूर करने, राष्ट्रीय सहकारी नीति लागू न करने, फसलों के लिए न्यूनतम समर्थन मूल्य एमएसपी पर गारंटी कानून बनाने, किसानों के समग्र कर्ज माफ कराने, श्रमिक परिजनों को बिना ब्याज के कर्ज देने, बिजली का निजी करण न करने और स्मार्ट मीटर न लगवाने, पंजाब सरकार की लैंड पूलिंग नीति को अस्वीकार करने, सभी सरकारी पेंशन दस हजार रुपये प्रति लाभार्थी देने, किसानों के पुराने ट्रैक्टरों पर प्रतिबंध न लगाने, यूपी में स्कूलों को बंद कराने की नीति खत्म करने और पुलिस व प्रशासन द्वारा समर्थित सांप्रदायिक हिंसा रोकने आदि मांगों के संबंध में राष्ट्रपति को प्रेसित ज्ञापन एसडीएम कांठ संत दास पंवार को दिया। इस अवसर पर भाकियू टिकैत के प्रदेश उपाध्यक्ष पश्चिमी यूपी चौधरी ऋषिपाल सिंह, हरदीप सिंह, रामकला सिंह, हैप्पी विश्नोई आदि सहित पदाधिकारी, कार्यकर्ता व किसान रहे।