मुरादाबाद। पेपर लीक होने के बाद पारदर्शिता पर उठते सवालों के बीच नीट यूजी 2026 की रविवार को 22 केंद्रों पर दोबारा आयोजित की जाएगी। इसमें पंजीकृत 10600 अभ्यर्थियों के साथ सिस्टम की भी कड़ी परीक्षा होगी। इसके लिए शनिवार को केंद्रों पर तैयारियाें को अंतिम रूप दिया गया। अधिकारियों के अनुसार सभी केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरों से निगरानी की जाएगी। प्रत्येक केंद्र पर स्टेटिक मजिस्ट्रेट और पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहेगा।
परीक्षा दोपहर दो बजे से शुरू होगी। अभ्यर्थियों को समय से पहले केंद्र पर पहुंचने के निर्देश दिए गए हैं। परीक्षा का समय शाम 5:15 बजे तक है। प्रवेश से पूर्व बायोमेट्रिक सत्यापन, पहचान पत्र का मिलान और सघन जांच की जाएगी। डीआईओएस रितु तोमर का कहना है कि निर्धारित समय के बाद किसी भी अभ्यर्थी को परीक्षा केंद्र में प्रवेश नहीं दिया जाएगा। परीक्षा संचालन से जुड़े दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन कराने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने बताया कि परीक्षा कक्षों में ड्यूटी के लिए 1050 शिक्षकों को कक्ष निरीक्षक बनाया गया है।
परीक्षा हॉल के अंदर मोबाइल फोन, स्मार्टवॉच, ब्लूटूथ डिवाइस, ईयरफोन या किसी भी तरह के इलेक्ट्रॉनिक गैजेट ले जाना सख्त मना है। इसके अलावा धातु की चीजें, बड़े बेल्ट बकल, भारी ज्वेलरी और अन्य एक्सेसरीज भी प्रतिबंधित हैं।