अमर उजाला ब्यूरोमुरादाबाद। रूट डायवर्जन और किराया बढ़ने की वजह से पीतलनगरी बस डिपो के नौ हजार यात्री कम हो गए है। इसके पीछे की वजह परिवहन निगम के अधिकारी पिछले नौ महीने से पंडित नंगला बाईपास का निर्माण कार्य होना बता रहे हैं। उनका कहना है कि जबतक बाईपास का निर्माण कार्य चलेगा तक तक बसें रामपुर दौराहा से जीरो प्वाइंट होते हुए अलीगढ़, बदायूं, संभल और चंदौसी जाएंगी।
पीतलनगरी बस अड्डे रोज 250 बसों का संचालन संभल और चंदौसी रूट पर किया जाता है। यह बसें रामपुर दौराहा से जीरो प्वाइंट होकर जा रही हैं। इसकी वजह से संभल और चंदौसी की दूसरी बढ़ गई है। संभल और चंदौसी का किराया भी बढ़ा दिया गया है। इसके कारण यात्रियों की संख्या घट गई। नौ महीने पहले करीब पीतलनगरी से प्रतिदिन करीब 38 हजार यात्री सफर करते थे लेकिन अब करीब 29 हजार यात्री ही सफर कर रहे हैं। करीब नौ हजार यात्रियों की संख्या घटी है। करीब 10 प्रतिशत यात्री घटे हैं। परिवहन निगम के अधिकारियों ने बताया कि पहले कोहिनूर तिराहे पर काफी संख्या में यात्री बसों को मिलते थे लेकिन रूट डायवर्जन से यहां के यात्री प्राइवेट बसों के सहारे अपने गंतव्य स्थान पर जाते हैं। पीतलनगरी बस अड्डा इंचार्ज चंद्रभान सिंह ने बताया कि जब तक रूट डायवर्जन खत्म नहीं हो जाता तब तक इस तरह की समस्या आती रहेगी।
00
संभल का 20 रुपये और चंदौसी का 16 रुपये किराया बढ़ा
-रूट डायवर्जन के बाद मुरादाबाद से संभल का किराया 20 रुपये और चंदौसी का 16 रुपये बढ़ा है। रूट डायवर्जन के पहले संभल का किराया 54 रुपये और चंदौसी का 74 रुपये था। रूट डायवर्जन के बाद संभल का किराया 74 रुपये और चंदौसी का 90 रुपये हो गया है। इसकी वजह से भी यात्रियों की संख्या कम हुई है।