कांठ। क्षेत्र में मुरादाबाद-हरिद्वार मार्ग से गांव खलीलपुर कद्दीम होते हुए कैंच की पुलिया पर मुरादाबाद-हरिद्वार मार्ग पर ही आकर जुड़ रहा खलीलपुर कद्दीम रोड काफी संकरा होने से इस पर हादसे बढ़ गए हैं। इस सड़क पर एक ओर नहर तो दूसरी तरफ बिजली के खंभे होने से चालकों को अपने वाहन बचाने में दिक्कत हो रही हैं।
कांठ क्षेत्र में गांव रसूलपुर गुर्जर और कांठ रेलवे क्रॉसिंग 432-बी के बीच में मुरादाबाद-हरिद्वार मार्ग से एक सड़क गांव खलीलपुर कद्दीम, महेंद्री सिकंदरपुर, सदरपुर होते हुए मुरादाबाद सड़क पर ही कैंच पुलिया पर आकर निकलता है। वैसे तो यह सड़क गड्ढा मुक्त है, लेकिन इसकी चौड़ाई कम होने से इस पर सड़क हादसे बढ़ रहे हैं। आए दिन यहां हादसों में लोग घायल होते रहते हैं। अब तक कई लोगों की इस सड़क पर जान तक जा चुकी है। इसमें एक ओर नहर तो दूसरी ओर सड़क से सटकर ही बिजली के अनगिनत खंभे लगे हुए हैं। जिस कारण सामने से आने वाले वाहन से बचने के लिए साइड में जगह नहीं मिल पाती है। वहीं इस सड़क के दोनों ओर बड़ी-बड़ी झाड़ियां और कई पेड़ में इतने गलत आ रहे हैं, यह हादसों को न्योता दे रहे हैं। पिछले वर्ष पुलिस ने इस सड़क पर जगह-जगह खंभों, पेड़ों आदि पर रिफ्लेक्टर भी लगवाए थे जो इस समय गायब हो चुके हैं।
एसडीएम संत दास पंवार का कहना है कि क्षेत्र में खलीलपुर कद्दीम सड़क के दोनों ओर झाड़ियों को हटवाने और पेड़ों की कटाई-छंटाई के लिए संबंधितों को पत्र भेजा जाएगा। ताकि सड़क के दोनों ओर की साइड साफ-सुधरी रहे, ताकि वाहन चालकों को दिक्कत न हो और वह हादसे का शिकार होने से बच सकें।