मुरादाबाद। मुरादाबाद मंडल में संगीन वारदातों को अंजाम देकर अवैध धन अर्जित करने वालों के खिलाफ पुलिस ने अभियान छेड़ रखा है। पिछले सौ दिन में पुलिस ने 283 माफिया चिह्नित किए हैं। मंडल के बिजनौर में सबसे ज्यादा 111 और मुरादाबाद में सबसे कम 33 माफिया की सूची पुलिस ने तैयार की है। अब 40 माफिया की 17,82,26,511 रुपये कीमत की संपत्ति जब्त की जा चुकी है, जबकि बाकी के खिलाफ कार्रवाई जारी है।
डीआईजी शलभ माथुर ने बताया कि मंडल के सभी जनपदों में अवैध शराब की तस्करी, अवैध धंधे, लोगों को धमका कर उनकी जमीनों पर कब्जे करने, हत्या, लूट डकैती समेत अन्य संगीन अपराध करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। अभियान चलाकर पिछले सौ दिन में मुरादाबाद मंडल 283 माफिया चिह्नित किए गए। बिजनौर में सबसे ज्यादा 111 माफिया की सूची तैयार की गई है। इनमें से 16 माफिया के खिलाफ 14(1) गैंगस्टर एक्ट की कार्रवाई करते हुए उनकी 4,29,49,904 की संपत्ति जब्त की गई है। मुरादाबाद में पांच माफिया की 5,19,62,424 की संपत्ति जब्त की गई है। रामपुर में 37 माफिया चिह्नित किए गए हैं जिनमें से चार माफिया की 21,10,900 कीमत की संपत्ति जब्त की गई है। अमरोहा में 40 माफिया पुलिस के रडार पर आए हैं। इनमें से नौ के खिलाफ जब्ती की कार्रवाई कर उनकी 6,00,84,698 कीमत की संपत्ति पर ताला लगा दिया गया। संभल के 62 माफिया पुलिस ने चिह्नित किए हैं। इनमें से छह माफिया की 2,11,18,585 कीमत की संपत्ति पर सरकारी ताला डाला जा चुका है। बाकी के खिलाफ भी पुलिस की ओर से जिला प्रशासन को रिपोर्ट भेजकर संपत्ति जब्तीकरण की अनुमति मांगी गई है।
जनपद माफिया की संख्या
मुरादाबाद 33
बिजनौर 111
रामपुर 37
अमरोहा 40
संभल 62
जनपद थानेवार टॉपटेन एनएसए गुंडा अधिनयिम गैंगस्टर अधिनियम
मुरादाबाद 115 2 70 20
बिजनौर 268 1 54 36
रामपुर 225 2 55 47
अमरोहा 146 0 59 23
संभल 150 0 48 84
मंडल में सौ दिन अभियान चलाकर माफिया के खिलाफ कार्रवाई की गई है। अब तक माफिया की 178226511 की संपत्ति जब्त की जा चुकी है। अन्य के खिलाफ भी कार्रवाई जारी है। मंडल में थानेवार टॉपटेन अपराधियों की सूची बनाई गई है। जिसमें अब तक 1011 अपराधी चिह्नित किया गया है।
शलभ माथुर, डीआईजी मुरादाबाद रेंज
-----------------------