बिलारी उप चुनाव में बहुत जल्द ग्लैमर का तड़का लगने वाला है। कांग्रेस पार्टी ने बॉलीवुड की अदाकारा नगमा को चुनाव प्रचार में उतारने का फैसला किया है। नगमा मेरठ से कांग्रेस के टिकट पर लोकसभा चुनाव लड़ चुकी हैं। नगमा के अलावा कांग्रेस जिलाध्यक्ष ने जातिगत समीकरणों को ध्यान में रखते हुए प्रचार के लिए लोकसभा की पूर्व स्पीकर मीरा कुमार और एससी/एसटी आयोग के चेयरमैन पीएल पुनिया की डिमांड भी हाईकमान से की है।
कांग्रेेस जिलाध्यक्ष डा. एपी सिंह ने बताया कि उन्होंने बिलारी उपचुनाव में पार्टी प्रत्याशी शिशुपाल जाटव के प्रचार के लिए पार्टी की लीडर और फिल्म अभिनेत्री नगमा का नाम भेजा है। इसके अलावा लोकसभा की पूर्व स्पीकर मीरा कुमार और राष्ट्रीय एससी/एसटी आयोग के चेयरमैन पीएल पुनिया को भी प्रचार के लिए भेजने की मांग की गई है। कांग्रेस जिलाध्यक्ष ने बताया कि बाकी नेताओं के भी प्रोग्राम मांगे गए हैं लेकिन नगमा, मीरा कुमार और पीएल पुनिया के नामों पर हाईकमान करीब - करीब सहमति दे चुका है।
चार मई को कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष डा. निर्मल खत्री बिलारी में जनसभा को संबोधित करने आएंगे। इसी दौरान बाकी तीनों स्टार प्रचारकों की तारीखें और प्रोग्राम भी फाइनल कर दिया जाएगा। कांग्रेस जिलाध्यक्ष ने बताया कि पार्टी प्रत्याशी के प्रचार के लिए शामली के विधायक पंकज मलिक और खुर्जा विधायक वंशी सिंह पहाड़िया बिलारी में ही कैंप कर रहे हैं। इन दोनों को पार्टी हाईकमान की ओर से बिलारी उपचुनाव का प्रभारी बनाया गया है।