मुख्यमंत्री पोर्टल पर शिकायत की गई थी कि बैंडबाजा संचालक देवी-देवताओं के नाम का इस्तेमाल कर रहे हैं। मंगलवार को सभी को बुलाकर निर्देश दिए गए हैं कि वह देवी-देवताओं के नाम हटा लें। सभी ने नाम हटवाने की बात कही है।- कुमार रणविजय सिंह, एसपी सिटी
कांवड़ यात्रा के दौरान उठा था ढाबों-रेस्टोरेंट के नाम का मुद्दा
कांवड़ यात्रा के दौरान होटल-ढाबों के नाम चर्चा में आए थे। इसमें ढाबा संचालक मुस्लिम थे लेकिन उनके ढाबों के नाम हिंदू थे। मुरादाबाद में हाईवे पर एक ढाबे के नाम को लेकर विवाद भी हुआ था। इसके अलावा यूपी के दूसरे जिलों में कई ढाबों पर हंगामा और नारेबाजी की गई थी।
हिंदू देवी-देवताओं के नाम से 20 मुस्लिम संचालित कर रहे बैंडबाजा
मुरादाबाद जिले में पांच सौ से ज्यादा बैंडबाजे हैं। सीएम पोर्टल पर दर्ज कराई गई शिकायत में अधिवक्ता ने दावा किया है कि जिले में 15 से 20 ऐसे मुस्लिम हैं जिन्होंने बैंडबाजे का नाम हिंदू देवी देवताओं के नाम पर रखा है। इन नामों पर ही बैंडबाजे का संचालन किया जा रहा है। इस मामले में पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।