मुरादाबाद। बूंदी कारोबारी मोनू प्रजापति की हत्या उसके छोटे भाई मोनू और बहनोई प्रदीप कुमार ने संपत्ति की लालच में कराई थी। दोनों ने हत्या के लिए साढ़े चार लाख रुपये में तीन सुपारी किलर से सौदा तय किया था, उन्हें 85 हजार रुपये पेशगी के दिए थे। सोमवार को पुलिस ने आरोपी भाई समेत तीन हत्यारोपियों को गिरफ्तार कर इस हत्याकांड का खुलासा कर दिया।
एसपी सिटी अखिलेश भदौरिया ने बताया कि 11 जून की रात लाइन पार ढक्का कृष्णा कालोनी निवासी 38 वर्षीय बूंदी कारोबारी मोनू प्रजापति की कनपटी पर तमंचा सटाकर गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। मोनू की पत्नी ने इस मामले में देवर सोनू और एकता कालोनी निवासी ननदोई के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पुलिस ने इस मामले में सोनू को हिरासत में लेकर पूछताछ की। शुरुआत में उसने पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की। कड़ाई से पूछताछ करने पर उसने राज खोल दिया।
सोनू ने पुलिस को बताया कि शादी के काफी समय बाद तक मोनू की पत्नी को कोई संतान नहीं हुई थी। तब उसने एकता कालोनी निवासी बहनोई प्रदीप कुमार का बेटा गोद लिया था। इसके बाद मोनू की पत्नी ने बेटियों को जन्म दिया था। अब चौथे बच्चे को जन्म देने वाली है। मोनू ने मुझे बूंदी की फैक्टरी से अलग कर दिया था, तब मेरी मां ने मुझे दूसरी फैक्टरी खुलवा दी थी। डेढ़ साल पहले मोनू ने अपनी कमाई से पैपटपुरा में एक प्लाट खरीदकर मां के नाम पर करा दिया था, मैंने मां के साथ मिलकर वो प्लॉट 24 लाख रुपये में बेच दिया था। मोनू इसी बात को लेकर मुझसे नाराज था। मैं मोनू को कोई हिस्सा नहीं देना चाहता था। इसके अलावा फैक्टरी के पास ही मोनू ने एक मकान भी खरीद लिया था। इस मकान को मोनू पहले बहनोई के गोद लिए बेटे केशव के नाम कराना चाहता था, लेकिन पत्नी को बेटियां पैदा हो गईं तो अब वह मकान केशव के नाम नहीं करा रहा था, जबकि मां केशव के नाम मकान कराना चाहती थी। मोनू इसका विरोध करता था। इसी बात को लेकर प्रदीप भी मोनू से नाराज हो गया था। तब साले बहनोई ने सुपारी किलर भाड़े पर लेकर मोनू की हत्या क रवा दी। पुलिस ने इस मामले में भाई सोनू, शूटर नवाबुद्दीन उर्फ गोरा और देवेंद्र सैनी उर्फ भोलू निवासी गजस्थल थाना नोगांवा सादात जनपद अमरोहा को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने तीनों को सोमवार शाम कोर्ट में पेश किया, जहां से तीनों को जेल भेज दिया है। इस मामले में वांछित मोनू का बहनोई प्रदीप कुमार, अनिल कुमार और रोहित फरार हैं।