परिजनों ने पुलिस को बताया था कि कई दिन से युवती भोजन नहीं कर रही थी। जिस कारण से वह बीमार हो गई थी। बीमारी की वजह से उसकी मृत्यु हुई है, लेकिन शरीर पर पड़े निशान से पुलिस को शक हुआ।
इसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर तत्काल पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पोस्टमार्टम हाउस में पहुंचे युवती के पिता और दोनों भाइयों ने भी बीमारी से मौत होने की बात कही थी। लेकिन पोस्टमार्टम में गला घोटकर हत्या करने की पुष्टि हुई है।
चालक से प्रेम संबंध पर नाराज थे घर वाले
सिविल लाइंस थाना पुलिस के अनुसार गला घोंटकर मौत के घाट उतारी गई बीए की छात्रा संगीता का सरकारी विभाग में तैनात चालक से प्रेम संबंध चल रहा था। यह बात उसके पिता जबर सिंह और दोनों भाई कपिल और सचिन को पता चल गई थी।
वे इससे खासे नाराज थे। चार दिन पहले संगीता अपने प्रेमी के साथ उसके घर चली गई थी। इसकी जानकारी मिलने पर युवती के पिता और उसके भाई प्रेमी के घर पहुंच गए थे। वहां उसकी जमकर मारपीट की थी।
पुलिस इस एंगल पर भी काम कर रही है कि कहीं उसी कारण से संगीता की घर में ही गला घोटकर हत्या तो नहीं कर दी गई। पुलिस को परिवार के लोगों द्वारा हत्या किए जाने की आशंका है। यह भी दावा किया जा रहा है कि पुलिस को प्रेमी के घर वालों ने मामले की सूचना दी।
पुलिस अधीक्षक दीपक भूकर ने बताया कि सिविल लाइंस के हरथला सोनकरपुर क्षेत्र में युवती का शव उसके घर के अंदर मिला है। परिवार के लोग बीमारी से मौत की बात कह रहे हैं, लेकिन पोस्टमार्टम में हत्या की पुष्टि हुई है। पुलिस को कुछ गोपनीय जानकारी मिली है। मामले में हत्या का मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।