मझोला थाना क्षेत्र के शराफत नगर में रविवार देर रात कार के सामने बाइक खड़ी करने को लेकर हुए विवाद में एक किराना व्यापारी की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। पुलिस ने इस मामले में सात नामजद लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है और दो आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
पुलिस के अनुसार, मोहम्मद आरिफ (45), निवासी शराफत नगर, किराना स्टोर चलाते थे और इसके अलावा कपड़े और ट्रेस सिलाई का भी कारोबार करते थे। रविवार रात करीब 8:30 बजे आरिफ का बेटा फाजिल कार लेकर कहीं जा रहा था, तभी रास्ते में असिस नामक युवक ने अपनी बाइक खड़ी कर दी।
इस पर दोनों के बीच कहासुनी हो गई। आसपास के लोगों के हस्तक्षेप से मामला शांत हुआ, जिसके बाद असिस ने बाइक हटा दी और फाजिल अपनी कार लेकर चला गया। आरिफ के भाई मोहम्मद आलम का आरोप है कि रात करीब 11 बजे जब आरिफ दुकान पर मौजूद थे।
तभी असिस अपने पिता मुस्लिम, भाइयों साजिद, आसिफ, आदिल और मुख्तयार उर्फ मुखिया व उसके बेटे कैफ के साथ दुकान में घुस आया। आरोपियों ने पहले आरिफ के साथ अभद्रता की और फिर पिटाई शुरू कर दी। शोर मचने पर आरोपी धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए।
परिजन आरिफ को तत्काल अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। एसपी सिटी रणविजय सिंह ने बताया कि व्यापारी के भाई की तहरीर पर सात आरोपियों के खिलाफ मारपीट, धमकी देने और गैर इरादतन हत्या की धाराओं में केस दर्ज किया गया है। दो आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है, जबकि अन्य की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।