कांठ। युवक का शव मिलने के मामले में नाै माह बाद पत्नी और ससुराल पक्ष के छह लोगों के खिलाफ हत्या के आरोप में प्राथमिकी दर्ज की गई है।
तेरह दिसंबर 2025 को कांठ के मुख्त्यारपुर नवादा के पास स्थित आशापुर कॉलोनी के सामने गन्ने के खेत में युवक का शव पड़ा मिला था। उसकी पहचान छजलैट के सराय खजूर निवासी नासिर (23) के रूप में हुई थी। कांठ पुलिस ने तभी शव का पोस्टमार्टम भी कराया था। अब इस मामले में नासिर की मां मैसर जहां ने एसएसपी को दिए पत्र में कहा है कि उसके बेटे नासिर की शादी मैनाठेर के गांव रसूलपुर हमीर की भूरी से हुई थी। शादी के कुछ समय बाद तक सब कुछ ठीक रहा। उसका बेटा अपनी ससुराल में रहता था। पत्र में मैसर ने आरोप लगाया है कि बाद में छोटी-छोटी बात को लेकर उसके बेटे और भूरी में मनमुटाव रहने लगा।
आरोप है कि वह उसके बेटे से उसे छोड़ देने के लिए कहते हुए बार-बार मरवा देने की धमकी देती थी। मैसर का आरोप है कि भूरी उसकी बहन आशिका उर्फ आसमा और उसके भाइयों फुरकान, इस्तेखार, रिहान और इरफान ने उसके बेटे की हत्या करके शव गन्ने के खेत में डाल दिया था। उसने तब भी पुलिस को कार्रवाई के लिए पत्र दिया था। पोस्टमार्टम में मौत का कारण स्पष्ट नहीं हुआ था और न ही पुलिस ने एफआईआर ही दर्ज की। अब कांठ पुलिस ने एसएसपी के आदेश पर नासिर की पत्नी सहित ससुराल पक्ष के छह पर प्राथमिकी दर्ज की है। थाना प्रभारी निरीक्षक सुदेश पाल सिंह का कहना है कि उस वक्त शव का पोस्टमार्टम कराया था, जिसमें मौत का कारण स्पष्ट न होने पर विसरा सुरक्षित रखा गया था, जिसकी जांच रिपोर्ट अभी प्राप्त नहीं हुई है। अब इस मामले में प्राथमिकी दर्ज कर विवेचना की जा रही है।