मुरादाबाद। कांठ रोड पर हरथला और दीनदयालनगर क्षेत्र में नगर निगम प्रशासन अतिक्रमण हटाएगा। हरथला में सड़क किनारे स्थित दुकानदारों व कई मकान स्वामियों को इस संबंध में पहले ही नोटिस दिया जा चुका है।
कांठ रोड पर हरथला में गुलाब मस्जिद के सामने रहने वाले अबरार ने बताया कि उनका सड़क किनारे मकान है। नगर निगम प्रशासन ने अतिक्रमण हटाने के लिए हरथला क्षेत्र में कुछ समय पहले लाल निशान लगाए थे। दो दिन पहले उनके पास एक नोटिस आया, जिसमें तीन दिन के अंदर स्वेच्छा से अतिक्रमण न हटाने पर सोमवार से बल पूर्वक अतिक्रमण हटाने की चेतावनी दी गई है।
उन्होंने बताया कि उनके समेत आसपास के करीब 100 दुकानदारों व मकान स्वामियों को इस तरह का नोटिस जारी किया गया है। उन्होंने बताया कि दो साल पहले भी अतिक्रमण हटाने की चेतावनी से संबंधित इस तरह का नोटिस दिया गया था। इसके अलावा नगर निगम प्रशासन दीनदयालनगर में भी अभियान के तहत अतिक्रमण हटाने का कार्य करेगा।