पूर्व सांसद देवेंद्र नागपाल के समर्थकों को भाजपा प्रत्याशी सांसद चौधरी कंवर सिंह तंवर का विरोध करना भारी पड़ गया। धारा 144 का उल्लंघन करने पर पुलिस ने छह नामजद समेत कई अज्ञात पर एफआईआर दर्ज कर ली है। देर रात पुलिस ने छापे मारकर गजरौला निवासी तीन युवकों को गिरफ्तार कर चालान कर दिया है।
भाजपा ने अमरोहा लोकसभा क्षेत्र से सांसद चौधरी कंवर सिंह तंवर को दोबारा प्रत्याशी बनाया है। इसके विरोध में पूर्व सांसद देवेंद्र नागपाल के समर्थकों ने शुक्रवार को जिला पार्टी कार्यालय पर पहुंचकर जमकर हंगामा किया। सांसद को बाहरी बताकर नारेबाजी की और उनका पुतला भी फूंका गया। इतना ही नहीं अमरोहा-जोया रोड जाम करने की कोशिश की थी।
देहात थाना प्रभारी किरन पाल सिंह ने बताया कि धारा 144 के उल्लंघन (सामूहिक जमावड़ा) करने के आरोप में छह लोगों को नामजद और कई अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। नामजद आरोपियों में से गजरौला निवासी सुरेंद्र, मोहल्ला शुक्लपुरी निवासी प्रदीप और बुधबाजार निवासी सलीम को गिरफ्तार कर चालान कर दिया गया है। अन्य नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी को दबिशें दी जा रही हैं। जबकि अज्ञात आरोपियों की फोटो और वीडियो के आधार पहचान कराई जा रही है।