मध्य प्रदेश के सतना जनपद की पुलिस ने कटघर के करूला से एक युवक को उठाया है। पुलिस उसे अपने साथ ले गई। मध्य प्रदेश में पुलिस ने जिस ट्रक से करीब सवा दो करोड़ की कीमत का गांजा बरामद किया था। पकड़ा गया युवक उस ट्रक का मालिक है।
कटघर थाना प्रभारी आरपी शर्मा ने बताया कि मध्य प्रदेश के सतना जनपद के कोलगांवा थानाक्षेत्र में करीब चार माह पहले एक ट्रक से पुलिस ने 11 क्विंटल 70 किलो गांजा बरामद किया था। पुलिस ने ट्रक से मध्यप्रदेश के रीवा जनपद सेमरिया थाना क्षेत्र के रहने वाले तीन आरोपी सुरेश यादव, राजू उर्फ सोनाथ सिंह यादव, और अरुण कुशवाहा को गिरफ्तार किया था, जबकि बबलू कुशवाहा निवासी बीड़ा सेमरिया जनपद रीवा और बब्बू उर्फ बाबू निवासी करूला थाना कटघर, मुरादाबाद फरार हो गए थे।
थाना प्रभारी ने बताया कि सब इंस्पेक्टर संतोष सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम यहां आई थी। एसआई ने बताया कि मौके से जो आरोपी फरार हुए थे। उनके बारे में कोई जानकारी नहीं मिल पा रही थी। इसके बाद ट्रक के बारे में जानकारी जुटाई थी। जिससे पता चला कि ट्रक चंडीगढ़ निवासी व्यक्ति के नाम पर पंजीकृत है। इसके बाद पुलिस ने चंडीगढ़ पहुंचकर ट्रक के मालिक से पूछताछ की। तब मालिक ने बताया कि आरटीओ से कंडम घोषित होने के बाद उसने ट्रक कबाड़ी को बेच दिया था। यहां से ही पुलिस को बब्बू उर्फ बाबू के बारे में पुख्ता जानकारी मिल गई थी। थाना प्रभारी ने बताया कि पुलिस बब्बू उर्फ बाबू को अपने साथ ले गई है। गांजा तस्करी के मामले में आरोपी फरार चल रहा था।