कांठ। तेज रफ्तार कार ने बाइक को सामने से टक्कर मार दी, जिससे बाइक चला रहे संजीव कुमार (30) की मौत हो गई और बाइक पर बैठा उसका दोस्त तथा चचेरा भाई गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद चालक कार सहित भाग गया। लेकिन बाद में पुलिस ने तलाश कर कार को कब्जे में ले लिया, जबकि उसका चालक पुलिस के हत्थे नहीं लगा है।
क्षेत्र के गांव मधपुरी इनायतपुरी का संजीव कुमार शुक्रवार की रात बिजनौर के थाना शिवाला कलां अंतर्गत गांव अलाउद्दीनपुर निवासी अपने दोस्त आकाश और चचेरे भाई राजू के साथ उसके गांव शेरपुर ऐतमादपुर बाइक से जा रहा था। जब यह गांव से दो किलोमीटर दूर कांठ की ओर मुरादाबाद-हरिद्वार स्टेट हाईवे पर गांव अहमदपुर निगू नंगला के मोड़ पर पहुंचे तो सामने से अत्यंत तेज गति से आ रही कार ने दूसरी साइड में आकर इनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। जिससे बाइक पर बैठे तीनों लोग गंभीर घायल हो गए और बाइक भी बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे के बाद चालक कार सहित मौके से भाग गया। लेकिन किसी राहगीर ने कार का नंबर ले लिया। सूचना पर पहुंची कांठ पुलिस तीनों घायलों को इलाज के लिए सीएचसी कांठ लाई। जहां चिकित्सकों ने संजीव कुमार को मृत घोषित कर दिया। जिससे अस्पताल आए परिजनों में कोहराम मच गया। चिकित्सकों ने प्राथमिक इलाज के बाद घायल आकाश और राजू को जिला अस्पताल रेफर कर दिया। हादसे में जान गवाने वाला संजीव कुमार मेहनत मजदूरी करता था। उसकी मौत से पिता खेमचंद, मां शीला, पत्नी सोनम, बेटे मयंक, बेटी मानसी, हनी, बहन केलो, कविता, उमा, भाई राजकुमार, संजय और मंगल सिंह रो-रो कर बेहाल थे।