मुरादाबाद। जिले के प्राथमिक और उच्च प्राथमिक विद्यालयों में संचालित पीएम पोषण (मध्याह्न भोजन) योजना की गुणवत्ता की निगरानी अब छात्र-छात्राओं की माताएं करेंगी। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी अमित सिंह ने सभी खंड शिक्षा अधिकारियों को निर्देश जारी कर प्रत्येक विद्यालय में मां समूह का गठन सुनिश्चित करने को कहा है।
उन्होंने कहा कि प्रत्येक विद्यालय में छह महिला अभिभावकों का चयन किया जाएगा। इनका नाम विद्यालय में प्रदर्शित किया जाएगा और रोस्टर के अनुसार प्रत्येक महिला सप्ताह में एक दिन विद्यालय पहुंचकर भोजन की गुणवत्ता देखेगी। वह भोजन चखेगी तथा आवश्यक सुझाव देगी। उन्हें रोस्टर रजिस्टर में अपनी टिप्पणी और हस्ताक्षर भी दर्ज करने होंगे। बीएसए ने बताया कि यह व्यवस्था पीएम पोषण योजना में सामुदायिक सहभागिता बढ़ाने और भोजन की गुणवत्ता का प्रभावी अनुश्रवण सुनिश्चित करने के लिए लागू की जा रही है। जिन विद्यालयों में स्वयंसेवी संस्थाओं के माध्यम से भोजन उपलब्ध कराया जाता है, वहां भी मां समूह की सदस्य भोजन की गुणवत्ता की निगरानी करेंगी। उन्होंने खंड शिक्षा अधिकारियों को निर्देश दिया है कि वह प्रधानाध्यापकों और इंचार्ज शिक्षकों इसकी जानकारी देते हुए विद्यालय में मां समूह का गठन कराएं। चयनित महिला अभिभावकों को इस कार्य के लिए कोई मानदेय नहीं दिया जाएगा।