मुरादाबाद। मूंढापांडे थानाक्षेत्र के गांव में शनिवार दोपहर एक छात्रा ने तमंचे से खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली। छात्रा पढ़ाई छोड़कर छत पर टहल रही थी। इस पर मां ने उसे डांट दिया था। इससे गुस्साई छात्रा ने कमरे में जाकर तमंचे से अपने पेट में गोली मार ली। छात्रा के उठाए गए आत्मघाती कदम से परिवार में कोहराम मच गया है। तमंचा कहां से आया इसकी भी जांच की जा रही है।
शराब की सरकारी दुकान पर काम करने वाले एक सेल्समैन का परिवार मूंढापांडे थानाक्षेत्र के गांव बूजपुर मान गांव में रहता है। सेल्समैन की दो बेटियां और एक बेटा है। पिता ने बताया कि दूसरे नंबर की 17 वर्षीय बेटी इंटर की छात्रा है। पिता के मुताबिक शनिवार सुबह वह रोज की तरह दुकान पर चले गए थे। दोपहर करीब सवा बजे पत्नी ने कॉल कर बताया कि छोटी बेटी ने तमंचे से खुद को गोली मार ली है। आनन फानन पिता घर पहुंचे तो देखा कि बेटी लहूलुहान पड़ी है। तत्काल उसे जिला अस्पताल लेकर गए जहां चिकित्सकों ने उसे गंभीर हालत में रेफर कर दिया गया। शनिवार शाम किशोरी ने एक निजी अस्पताल में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया है। मूंढापांडे थाना प्रभारी नवाब सिंह ने बताया कि किशोरी के शव के शव का पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया गया है।
इस लड़की की मां ने अपने पति को बताया कि दोपहर एक बजे बेटी पढ़ाई छोड़कर छत पर टहलने चली गई थी। मां ने उसे वहां देखा तो डांट दिया था। मां का डांटना बेटी को नागवार गुजरा। इसके बाद छात्रा कमरे में चली गई। कुछ देर बाद कमरे के अंदर से गोली चलने की आवाज आई तो देखा कि बेटी लहूलुहान अवस्था में पड़ी थी। पास में तमंचा पड़ा था। परिजनों की चीख पुकार सुनकर आस पड़ोस के लोग भी आ गए।
-----
मूंढापांडे थानाक्षेत्र बूजपुर मान गांव में छात्रा ने खुद को गोली मार ली थी। इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई है। परिजनों से पूछताछ और जांच पड़ताल में सामने आया है कि मां की डांट पर छात्रा ने खुद को गोली मारी थी। शव पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया गया है।
- अमित कुमार आनंद, पुलिस अधीक्षक नगर