धनारी(संभल)। थाना क्षेत्र के पाठकपुर-नाधा मार्ग पर कीरतपुर गांव के निकट मंगलवार दोपहर छुट्टा पशुओं की टक्कर से बाइक सवार महिला मधुबाला (56) की मौत हो गई। जबकि उनका बेटा सोमवीर सिंह गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजन बिना पुलिस कार्रवाई के शव घर ले गए। वहीं बेटे को सीएचसी में भर्ती कराया गया। जहां उसका उपचार चल रहा है।
थाना क्षेत्र के गांव मझोला फतेहपुर निवासी सोमवीर सिंह पुत्र महेंद्रपाल मंगलवार की दोपहर एक बजे करीब अपनी 56 वर्षीय मां मधुबाला को बाइक पर बिठा कर जनपद बदायूं के थाना इस्लामनगर के गांव पिनौनी में एक शादी समारोह में शामिल होने जा रहा था। पाठकपुर-नाधा मार्ग पर कीरतपुर गांव के पास पहुंचा ही था। उसी समय अचानक बाइक के आगे दो छुट्टा पशु दौड़ते हुए आ गए। जिससे बाइक अनियंत्रित होकर पशुओं से टकरा गई और सड़क पर जा गिरी। हादसे में मां-बेटा दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। राहगीरों ने एंबुलेंस बुला कर घायलों को सीएचसी बहजोई भेज दिया। जहां चिकित्सक ने मधुबाला को मृत घोषित कर दिया। सोमवीर का उपचार चल रहा है। सूचना पर परिजन अस्पताल पहुंचे और बिना कार्रवाई के शव घर ले गए। मृतक महिला के दो बेटे और दो पुत्रियां हैं। सभी बच्चों की शादी हो चुकी है।