मुरादाबाद। साल की पहली लोक अदालत में मुकदमा निपटाने के सभी रिकाॅर्ड टूट गए। करीब सात घंटे में दो लाख से अधिक मुकदमे निपटाए गए। साथ ही 3.84 करोड़ से अधिक की वसूली हुई।
जिला न्यायाधीश भानु देव शर्मा ने शनिवार सुबह राष्ट्रीय लोक अदालत का शुभारंभ किया। इसके बाद लोक अदालत में विभिन्न प्रकृति के 18,196 शमन योग्य वादों का निस्तारण किया गया। आरोपियों पर 7,41,680 रुपये का अर्थदंड लगाया गया। वैवाहिक एवं भरण पोषण संबंधी 15 मामलों का निस्तारण परिवार न्यायालय ने आपसी सुलह-समझौते के आधार पर कराया।
उत्तराधिकार के चार मामले निस्तारित कर 35,53,393 रुपये के प्रमाणपत्र जारी किए गए। लघु प्रकृति के मामले जैसे लेबर एक्ट, बाटमाप अधिनियम, मोटर वाहन अधिनियम से संबंधित मामलों का भी निस्तारण किया गया। मोटर वाहन दुर्घटना प्रतिकर से संबंधित 64 मामलों का निस्तारण करते हुए पीड़ितों और उनके परिजन को 5,80,67000 रुपये देने के आदेश दिए गए। विभिन्न बैंकों एवं बीएसएनएल के ऋण संबंधी 1077 मामलों का निस्तारण कर 3,84,63,252 की वसूली की गई।
-
दिव्यांगों को दी गईं ट्राई साइकिल
राष्ट्रीय लोक अदालत के दौरान जिला न्यायाधीश भानु देव शर्मा ने छह दिव्यागों को ट्राई साइकिल वितरित कीं। इसमें एक महिला दिव्यांग भी शामिल रही। इस दौरान जिला न्यायाधीश ने कहा कि हम सभी को ऐसे लोगों की मदद करनी चाहिए, जिन्हें मदद की आवश्यकता है। न्याय पालिका का अर्थ यह नहीं है कि मात्र न्यायालयों में ही अपना कार्य करें। हम सभी को सर्वप्रथम इंसानियत के धर्म का पालन करना चाहिए। इन्सान की सेवा ही ईश्वर की सेवा होती है।