मुरादाबाद। 45 वर्ष से कम आयु वालों को कोरोना से बचाव का टीका लगाने की तैयारी है। एक मई से 18 वर्ष पार वालों को टीका लगाया जाएगा। इसका लाभ जिले के दस साल से अधिक लोगों को मिलेगा। जनगणना 2011 के मुताबिक जिले में 18 से 44 वर्ष के बीच की जनसंख्या 1087367 है। अभी तक सिर्फ 45 वर्ष से अधिक आयु के लोगों का टीकाकरण किया जा रहा है।
16 जनवरी से शुरू हुए टीकाकरण अभियान के पहले चरण में स्वास्थ्य कर्मियों और फ्रंटलाइन वर्करों को वैक्सीन की डोज लगाई गई। दूसरे चरण में पहले बीमारों और बुजुर्गों को टीका लगाया गया। बाद में बीमारी की पाबंदी हटाकर 45 वर्ष पार सभी लोगों को टीका लगाया जा रहा है। अब तीसरे चरण की तैयारी है। इसमें 18 वर्ष या इससे अधिक आयु के लोगों का टीकाकरण किया जाएगा। जनगणना वर्ष 2011 के मुताबिक 1087367 की आबादी की उम्र 18 से 44 वर्ष के बीच है। तीसरे चरण में जिले के 1087367 लोगों को टीकाकरण का लाभ मिल सकता है। जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डा. दीपक वर्मा ने बताया कि 18 वर्ष पार वालों के टीकाकरण के लिए अभी शासन से कोई गाइड लाइन नहीं आई है। फिलहाल तैयारी शुरू कर दी गई है।