Moradabad: सरेआम छेड़खानी करने लगा युवक... नर्स ने चप्पलों से पीटा, भीड़ ने जमकर किए हाथ साफ, पुलिस को सौंपा
Thu, 18 Jul 2024 01:14 PM IST
विमल शर्मा
अमर उजाला नेटवर्क, ठाकुरद्वारा (मुरादाबाद)
सार
ठाकुरद्वारा में छेड़खानी करने पर नर्स ने युवक को चप्पलों ने पीट दिया। हंगामा मचने पर मौके पर लोगों की भीड़ लग गई। हकीकत पता चला तो लोगों ने फिर से आरोपी पर हाथ साफ कर दिए। आरोपी को पुलिस के हवाले कर दिया गया है।
ठाकुरद्वारा के एक गांव निवासी युवती ने साहस दिखाते हुए छेड़खानी कर रहे युवक को पकड़ लिया। युवती ने चप्पलों से आरोपी की पिटाई की। इस बीच मौके पर जुटी भीड़ ने भी आरोपी की धुनाई की और उसे पुलिस के हवाले कर दिया।
विज्ञापन
क्षेत्र के एक गांव निवासी युवती काशीपुर स्थित एक निजी अस्पताल में नर्स है। बुधवार शाम करीब सात बजे नर्स तिकोनिया से पैदल ही गांव के बस स्टैंड पर जा रही थी। इस बीच ठाकुरद्वारा के एक मोहल्ला निवासी युवक ने नर्स का पीछा करना शुरू कर दिया।
पहले तो आरोपी ने अश्लील हरकत कर डाली। इसके बाद आरोपी बाबू रामपाल छेड़खानी करने पर उतारु हो गया। इस पर युवती ने साहस दिखाते हुए आरोपी युवक को पकड़ लिया और उसकी चप्पलों से पिटाई करनी शुरू कर दी।
विज्ञापन
मौके पर मौजूद लोगों ने भी युवती का साथ दिया और आरोपी को पकड़ लिया। भीड़ ने भी आरोपी की जमकर पिटाई की। सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंची। पुलिस युवती व आरोपी को पकड़कर कोतवाली ले गई।
युवती ने मामले में कार्रवाई की मांग की है। कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक राजीव चौधरी ने बताया कि नर्स ने मामले में अभी तक तहरीर नहीं दी है। तहरीर मिलने पर आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
धर्म परिवर्तन कराने के आरोप में दो और गिरफ्तार
ठाकुरद्वारा गांव रमनावाला में लालच देकर धर्म परिवर्तन कराने के मामले में पुलिस ने फरार चल रहे दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। मामले में विहिप के जिला मंत्री पंकज सिंह ने काशीपुर निवासी ईसाई धर्म प्रचारक सहित चार के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई थी।
पुलिस ने दो आरोपियों को 13 जुलाई को गिरफ्तार कर लिया था। वहीं मामले में फरार चल रहे गांव रमनावाला निवासी मुकेश और अमरजीत सिंह को पुलिस ने बुधवार को गिरफ्तार कर लिया। कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक राजीव चौधरी ने बताया कि दोनों का बृहस्पतिवार को चालान कर कोर्ट में पेश किया जाएगा।