ठाकुरद्वारा थाना क्षेत्र में करनपुर-कांठ मार्ग पर मोहिउद्दीनपुर चौराहे के पास शनिवार सुबह करीब 11 बजे सड़क पर खड़ी बस को ओवरटेक करते वक्त बाइक सामने से आ रही कार से भिड़ गई। हादसे में बाइक सवार मां-बेटे की मौत हो गई, जबकि दाता-पोती घायल हो गए।
बाइक सवार चारों लोग रिश्तेदारी में ईद मिलने जा रहे थे। हादसे के बाद चालक कार लेकर भाग गया। ठाकुरद्वारा थाना क्षेत्र के अब्दुल्लापुर लेदा निवासी तसव्वुर (48) शनिवार की सुबह 11:00 बजे पत्नी खैरुल निशा (45), बेटे सानिब (25) और पोती जिया (5) को लेकर बाइक से अपने रिश्तेदारी में डिलारी के मस्तापुर में बकरीद पर मिलने जा रहे थे।
बताया जा रहा है कि करनपुर मार्ग पर मोहिउद्दीनपुर चौराहे के पास सड़क पर खड़ी बस से आगे निकलने की कोशिश की तो सामने से आई तेज रफ्तार कार ने उनकी बाइक में टक्कर मार कर दी। इस हादसे में बाइक पर सवार चारों लोग सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।
बाइक भी क्षतिग्रस्त हो गई। दुर्घटना के बाद चालक कार लेकर भाग गया। सूचना पर पहुंची 108 एंबुलेंस चारों को लेकर सरकारी अस्पताल पहुंची। जहां डॉक्टरों ने सानिब और खैरुल निशा को मृत घोषित कर दिया। गंभीर घायल तसव्वुर और जिया को प्राथमिक उपचार के बाद निजी एंबुलेंस से काशीपुर के निजी अस्पताल में भेज दिया गया।
सूचना पर अस्पताल पहुंची पुलिस ने मौजूद ग्रामीणों और परिजनों से दुर्घटना के बारे में जानकारी ली। दोनों शवों का पचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मां-बेटे की मौत से परिजनों का अस्पताल में रोते हुए बुरा हाल था। कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक मनोज परमार ने बताया कि दुर्घटना की जांच की जा रही है। कोई तहरीर नहीं मिली है। उन्होंने काले रंग की कार से दुर्घटना होने की बात कही है।