दो बीवियों में हुआ पति का बंटवारा
- फोटो : सोशल मीडिया
ये किसी फिल्म की स्क्रिप्ट नहीं बल्कि हकीकत है। मुरादाबाद में दो बीवियों ने अपने शौहर के तीन-तीन दिन बांट लिए हैं। पति सोमवार से बुधवार तक पहली पत्नी और गुरुवार से शनिवार तक दूसरी पत्नी के साथ रहेगा। रविवार को वह अपने मां-बाप के साथ या रिश्तेदारी में घूमने जा सकता है। दोनों बीवी और पति के बीच काउंसलिंग के बाद यह समझौता हुआ है।
शहर के एक मोहल्ले में रहने वाली महिला ने एसएसपी कार्यालय में प्रार्थनापत्र दिया था। उसने बताया डेढ़ साल पहले उसने बिजनौर के चांदपुर निवासी युवक के साथ उसका निकाह किया था। इसके बाद से ही पति उसे अपने साथ ससुराल नहीं लेकर गया है। यहीं उसने किराये पर मकान दिला दिया था। महिला का कहना है कि जब भी उसने ससुराल जाने की जिद की तो पति ने उसे समझाकर शांत कर दिया। इसके बाद पति कई-कई दिन गायब रहने लगा।
पति ने मोबाइल भी बंद कर लिया। इसके बाद महिला पति की तलाश करते हुए ससुराल पहुंच गई। वहां जाकर पता चला कि पति शादीशुुदा है और पहली पत्नी से उसके तीन बच्चे भी हैं। महिला के प्रार्थनापत्र को काउंसलिंग के लिए नारी उत्थान केंद्र भेज दिया गया। यहां काउंसलर एमपी सिंह ने दोनों पत्नी और पति की काउंसलिंग की। जिससे पता चला कि युवक मुरादाबाद में ही फैक्टरी में काम करता है।
पहली पत्नी और बच्चे चांदपुर में रहते हैं। यहां रहते हुए युवक की जान पहचान दूसरी महिला से हो गई थी। इसके बाद दोनों की दोस्ती हुई और निकाह कर लिया। शिकायत करने वाली महिला ने बताया कि पति उसे ससुराल में रखेगा तो वह कोई कार्रवाई नहीं करेगी।
इस पर पहली पत्नी भी राजी हो गई। जिसमें यह भी तय हुआ कि दोनों बीवियां ससुराल में रहेंगी और पति तीन-तीन दिन दोनों के साथ रहेगा। नारी उत्थान केंद्र की प्रभारी संदीपा चौधरी ने बताया कि काउंसलिंग के बाद तीनों के बीच समझौता हो गया है। दोनों पत्नियां ससुराल में ही रहने को तैयार हो गई हैं।