अमरोहा जिले के थाना गजरौला क्षेत्र अंतर्गत ब्रजघाट के नजदीक दिल्ली मार्ग पर संभल के कावड़ियों के साथ सड़क हादसा हुआ है। दो कावड़ियों की मौत हो गई जबकि 40 घायल हैं। घायलों में एक कावड़िए की हालत गंभीर बनी है। जिसका उपचार मेरठ में चल रहा है। संभल के असमोली थाना क्षेत्र अंतर्गत गांव मढ़न से कांवड़ियों का जत्था शुक्रवार को ट्रैक्टर ट्राली में सवार होकर गंगाजल लेने के लिए बृजघाट के लिए रवाना हुआ था। इसमें करीब 50 लोग शामिल थे।
शुक्रवार की रात 11 बजे करीब जैसे ही जत्था दिल्ली मार्ग पर बृजघाट के नजदीक पहुंचा तो ट्रैक्टर से ट्राली का हिच निकल गया। इससे ट्राली अनियंत्रित होकर पलट गई। इसमें सवार गांव मढ़न निवासी विवेक (17 )पुत्र ओमकार सिंह की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि कपिल (30) पुत्र कोमल सिंह की उपचार के दौरान मौत हुई। करीब 40 लोग घायल हुए हैं। जत्थे में शामिल सुनील की हालत गंभीर है जिसका उपचार मेरठ में चल रहा है। हादसे की जानकारी होने पर गांव में कोहराम है। मामूली रूप से घायल गांव लौट आए हैं।