मुरादाबाद जिले में डेंगू व बुखार से होने वाली मौतों को रोकने में स्वास्थ्य विभाग नाकाम साबित हो रहा है। मंगलवार को बिलारी के मोहल्ला ठाकुरान में इमामबाड़ा चौक निवासी वृद्ध शाहिद हुसैन (62) की बुखार से मौत हो गई। वह एक होटल में कारीगर थे।
मंगलवार को जिले में डेंगू के 42 नए मरीज मिले। अब तक मिले मरीजों की संख्या 630 हो गई है। नए मरीजों में शहर के गोविंद नगर, बलदेवपुरी, ग्रामीण इलाकों में छजलैट, बिलारी, कुंदरकी निवासी लोग शामिल हैं।
जिला सर्विलांस अधिकारी डॉ. प्रवीण श्रीवास्तव का कहना है कि मंगलवार को बिलारी, डिलारी, मूंढापांडे, ठाकुरद्वारा, भोजपुर, कुंदरकी व मुरादाबाद में 1600 से ज्यादा लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। बुखार के मरीजों की डंगू व मलेरिया जांच के लिए सैंपल लिए गए।
इनमें से किसी की रिपोर्ट पॉजीटिव नहीं मिली। डॉ. प्रवीण का कहना है कि यदि किसी को डेंगू या मलेरिया के लक्षण हैं तो हेल्पलाइन नंबर 0591-2411224 पर सूचना दे सकता है।