मुरादाबाद। पीतल नगरी के वायु प्रदूषण का स्तर गुरुवार को देश में सबसे अधिक दर्ज किया गया। दूसरे स्थान पर ग्रेटर नोएडा और तीसरे पर गाजियाबाद रहा। रात नौ बजे मुरादाबाद का एक्यूआई 408 माइक्रो ग्राम प्रति घन मीटर दर्ज किया गया। क्षेत्रीय प्रदूषण नियंत्रण अधिकारी का कहना है कि लाजपत नगर स्थित एमएच कालेज में कंटीन्युअस एंबिएंट एयर क्वालिटी मॉनीटरिंग स्टेशन (स्वचालित परिवेशीय वायु गुणवत्ता अनुश्रवण केंद्र) में तकनीकी गड़बड़ी आ गई है, जिसकी वजह से यह वास्तविक डाटा से 30 फीसदी अधिक वायु गुणवत्ता सूचकांक को प्रदर्शित कर रहा है।
इन दिनों मौसम चटख धूप खिलने की वजह से साफ है। इसके बावजूद अवैध पीतल भट्ठियों के संचालन और ई-कचरे के जलने की वजह से शहर का वायु गुणवत्ता सूचकांक ज्यादातर समय देश में पहले स्थान पर दर्ज किया जा रहा है। 31 जनवरी से छह फरवरी तक लगातार मुरादाबाद का वायु प्रदूषण देश में पहले स्थान पर था। गुरुवार को भी रात आठ बजे मुरादाबाद का एक्यूआई 408 माइक्रो ग्राम प्रति घन मीटर था। इसमें पीएम 2.5 का अधिकतम स्तर पांच सौ, पीएम 10 का अधिकतम स्तर 463 दर्ज किया गया था। यह स्तर गुरुवार को 413 एक्यूआई तक पहुंच गया था। विशेषज्ञों के अनुसार वायु प्रदूषण का यह स्तर बहुत गंभीर श्रेणी में आता है। लंबे तक इस तरह के वातावरण में रहने पर स्वस्थ व्यक्तियों के बीमार होने की आशंका रहती है।
स्टेशन स्वचालित है। इसका नियंत्रण केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के द्वारा किया जाता है। इसमें तकनीकी गड़बड़ी की वजह से आंकड़े 30 फीसदी अधिक दर्ज किए जा रहे हैं। इसे सही करवाने के लिए सीपीसीबी और जिलाधिकारी को पत्र लिखा है। अब मौसम साफ है। इसलिए प्रदूषण के स्तर में गिरावट आनी चाहिए, क्योंकि जो गतिविधियां पहले संचालित हो रही थीं, अभी भी वही संचालित हो रही हैं। अलग से कुछ भी बदलाव नहीं हुआ है। इसके बावजूद लगातार अधिक वायु गुणवत्ता सूचकांक आने पर तीन फरवरी को दोपहर दो बजे से रात साढ़े दस बजे तक हमने अलग से वायु प्रदूषण की निगरानी करवाई थी। इसमें हमारे द्वारा दर्ज किया गया पीएम 10 का स्तर 216 था, जबकि स्टेशन की ओर से आंकड़ा 280 का जारी हुआ था। इसी तरह पीएम 2.5 का स्तर हमारी निगरानी में 101 आया था और स्टेशन के आंकड़े में 179 था।
विकास मिश्र, क्षेत्रीय अधिकारी, प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड।
रात नौ बजे वायु प्रदूषण का स्तर
शहर एक्यूआई
मुरादाबाद 408
ग्रेटर नोएडा 361
गाजियाबाद 348
मुजफ्फरनगर 338
दिल्ली 334
भिवाड़ी 329
लखनऊ 328
नोएडा 324
गुरुग्राम 314
बुलंदशहर 313