मुरादाबाद। डॉ. बीआर आंबेडकर पुलिस अकादमी मुरादाबाद के घोड़े और घुड़सवारों ने कीर्तिमान रच दिया। मुरादाबाद की टीम लगातार 27वीं बार ट्रॉफी पर कब्जा जमाकर चैंपियन बन गई, जबकि सीतापुर की टीम दूसरे नंबर पर रही है। डीजी ट्रेनिंग राजीव सभरवाल ने विजेता और उपविजेता टीम को ट्रॉफी देकर सम्मानित किया। मुरादाबाद टीम के घुड़सवार वीर सिंह सर्वश्रेष्ठ घुड़वार और सीतापुर के घोड़े शाहीन को सर्वश्रेष्ठ घोड़ा चुना गया है।
उत्तर प्रदेश पुलिस की 27वीं घुड़सवारी प्रतियोगिता के अंतिम दिन सोमवार को टीम टेंट पैगिंग स्पर्धा कराई गई। जिसमें मुरादाबाद पुलिस अकादमी के घुड़सवार राज नरेश के घोड़े राजा, मुकेश बाबू के घोड़े बादल और प्रमोद कुमार मौर्य के घोड़े नीलकंठ ने पहला स्थान हासिल किया।
सीतापुर टीम के घुड़सवार हिमांशु कुमार ने घोड़े रणकुंभ, मोहित कुमार ने घोड़े पृथ्वी और अविनाश कुमार ने घोड़ी अहिल्या, अजय सिंह ने घोड़े चंचल और मयंक शर्मा ने घोड़े प्रताप पर सवार होकर दूसरे स्थान पर कब्जा किया। इसके बाद बाद यूपी पुलिस शो जंपिंग में टॉप स्कोर स्पर्धा आयोजित की गई।
जिसमें लखनऊ टीम के घुड़सवार सत्यम सिंह के घोड़े अदा ने प्रथम स्थान हासिल किया। मुरादाबाद पुलिस अकादमी के घुड़सवार वीर सिंह के घोड़े गुलाब ने दूसरा स्थान हासिल किया। सीतापुर के घुड़सवार अविनाश कुमार ने घोड़ी शाहीन पर सवार होकर तीसरा स्थान हासिल किया।
सोमवार की शाम 27वीं उत्तर प्रदेश पुलिस घुड़सवारी प्रतियोगिता समापन किया गया। चार दिन चली इस प्रतियोगिता में मुरादाबाद पुलिस अकादमी की टीम को चैंपियन घोषित किया गया। जबकि उप विजेता सीतापुर की टीम रही। मुख्य अतिथि पुलिस के निदेशक एवं उत्तर प्रदेश पुलिस के डीजी ट्रेनिंग राजीव सभरवाल ने विजेता मुरादाबाद की टीम पांड्रू कप और उप विजेता सीतापुर की टीम को ट्रॉफी देकर सम्मानित किया।
सर्वश्रेष्ठ घुड़सवार मुरादाबाद टीम के वीर सिंह और सर्वश्रेष्ठ घोड़े शाहीन को भी सम्मानित दिया गया। इस मौके पर पीटीसी एडीजी अमित चंद्रा, मुरादाबाद रेंज के डीआईजी मुनिराज जी, पुलिस अकादमी के डीआईजी विकास कुमार वैध, एसपी सुशील कुमार, एएसपी महेंद्र कुमार समेत अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे।
इन टीमों ने किया प्रतिभाग
26 दिसंबर से शुरू हुई चार दिवसीय इस प्रतियोगिता में पुलिस अकादमी, सीतापुर, अलीगढ़, बरेली, मेरठ के घुड़सवार और घोड़े ने प्रतिभाग किया।